Bihar Politics: तेजस्वी को लेकर ललन सिंह ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, CM नीतीश कुमार का भी लिया नाम
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी स्थायी रूप से विपक्ष में ही रहेंगे। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी उनका मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा। ललन सिंह ने लालू प्रसाद के भारत रत्न दिए जाने की मांग को भी खारिज कर दिया।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार सोमवार को अचानक जदयू कार्यालय पहुंचे। यहां कुछ देर रुके। उपस्थित नेताओं-कार्यकर्ताओं से हालचाल पूछा और वापस लौट गए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह भी थे।
संवाददाताओं से बातचीत के दौरान ललन सिंह ने कहा कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव स्थायी रूप से विपक्ष में ही रहेंगे। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री बनने का उनका सपना पूरा नहीं होगा, क्योंकि राज्य के लोगों की यादाश्त ठीक है। लोग 2005 से पहले के बिहार को भूल नहीं गए हैं।
लालू के बयान को बताया हास्यास्पद
ललन सिंह सोमवार को यहां जदयू के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने लालू प्रसाद के इस दावे को हास्यास्पद करार दिया कि इस साल राज्य में एनडीए की सरकार नहीं बनेगी।
'20 साल से नीतीश ही मुख्यमंत्री हैं'
ललन ने कहा कि लालू प्रसाद तो 20 साल से सरकार बनने से रोकने के प्रयास में हैं, लेकिन पिछले 20 साल से नीतीश कुमार ही इस राज्य के मुख्यमंत्री हैं। नीतीश ने राज्य का विकास किया है। आज भी वे प्रगति यात्रा के माध्यम से जिलों का भ्रमण कर रहे हैं। विकास योजनाओं को लागू कर रहे हैं।
'किस बात के लिए भारत रत्न दिया जाए?'
एक प्रश्न था- कुछ लोग लालू प्रसाद को भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं। सिंह ने प्रति प्रश्न किया- उन्हें किस बात के लिए भारत रत्न दिया जाए। राज्य में जंगलराज कायम करना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लालू प्रसाद के किसी वक्तव्य को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
फ्रस्ट्रेशन में हैं तेजस्वी: प्रभाकर मिश्र
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि तेजस्वी वहम की दुनिया के सरताज हैं। हर समय इन्हें कोई न कोई गलत वहम हो जाता है। असल में तेजस्वी यादव अपनी तय करारी हार की वजह से फ्रस्ट्रेशन में हैं। ज्यादा फ्रस्ट्रेशन उनके सियासी कैरियर में डिप्रेशन की वजह बन सकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दिल्ली यात्रा को लेकर भी इनके मन में बैचेनी है। जिसके पास कम बुद्धि होती है, वह ऐसे ही वहम का शिकार रहता है। कम सुनने वाले लोग जब किसी को बातचीत करते देखते हैं, तो उन्हें लगता है कि उसकी शिकायत हो रही है।
मुख्यमंत्री दिल्ली शादी समारोह में सम्मिलित होने गए थे और तेजस्वी यादव को लगता है कि कोई डील करने गए थे। मुख्यमंत्री चाहे प्रगति यात्रा पर हों, नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में हों, या दिल्ली यात्रा पर, नेता प्रतिपक्ष की नींद उड़ जाती है।
बिहार सरकार खर्च नहीं कर पाती बजट का पूरा पैसा : डॉ. अखिलेश
एक तरफ ललन सिंह और बीजेपी नेता प्रभाकर मिश्र ने तेजस्वी पर निशाना साधा है तो दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने एनडीए सरकार को आड़े हाथों लिया। डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि बिहार सरकार अपने बजट का पूरा पैसा खर्च नहीं कर पाती। लिहाजा आवंटित राशि सरेंडर हो जाती है, परंतु हर साल अनुपूरक बजट जारी करने का दिखावा किया जाता है।
'नीतीश कुमार और भाजपा के नेता केवर ख्याली पुलाव...'
डॉ. सिंह ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि 2018 से 2023 तक के बजट के आंकड़ों का अध्ययन करने पर साफ दिखता है कि बजट आवंटन का पूरा पैसा खर्च नहीं होता। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के नेता केवल ख्याली पुलाव पकाकर दिवास्वप्न दिखाते हैं। 2022-23 में 66509.62 करोड़ रुपए वापस गए, जबकि कुल आवंटित राशि 301686.46 करोड़ ही थे, परंतु इनका पूरा उपयोग भी बिहार सरकार नहीं कर सकी थी।
उन्होंने कहा कि बिहार का विकास करने का दावा करने वाली ये डबल इंजन की एनडीए सरकार बिहार के लोगों की मासूमियत का बेजा फायदा उठा रही है।
बिहार को विशेष पैकेज और स्टेटस की बात करने वाले ये समझ जाएं कि उनकी नीति आम बिहारी समझ चुके हैं और इनके कथनी करनी का फर्क भी ये आंकड़े बता रहे हैं। ऐसे में बिहार के लोगों को छलने और ठगने का काम अविलंब नीतीश भाजपा की सरकार को बंद कर देना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।