Bihar Police: बिहार के 4 जिलों में पुलिस टीम पर हमला, हथियार छीनने का भी प्रयास; दारोगा सहित कई सिपाही घायल
बिहार के चार जिलों में पुलिस टीम पर हमला हुआ है। दलसिंहसराय में पुलिस टीम पर हमला हुआ। बताया जा रहा है कि यौन शोषण की जांच करने गई टीम पर जानलेवा हमला हुआ। इसमें सब-इंस्पेक्टर समेत दो जवान घायल हो गए। इसके साथ यह भी जानकारी दी गई है कि पुलिस पर हमला करने वाले आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय। बिहार के चार जिलों में पुलिस टीम पर हमले की खबर सामने आई है। औरंगाबाद और समस्तीपुर में पुलिस टीम पर हमला किया गया है। समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गंज मोहल्ले में रविवार शाम जांच को पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया।
इस घटना में सहायक अवर निरीक्षक राहुल कश्यप और दो जवान जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त एक यौन शोषण मामले की जांच प्रतिवेदन मिला था।
जांच प्रतिवेदन को लेकर संध्या गश्ती कर रहे सहायक अवर निरीक्षक राहुल कश्यप को लोकनाथपुर गंज वार्ड 15 में भेजा गया। राहुल कश्यप के साथ रिजर्व गार्ड के सिपाही उमेश प्रसाद सिन्हा और सोनू कुमार पासवान भी थे।
करीब 8.45 बजे जब वे जांच के लिए पहुंचे, तभी उमेश गारा और अन्य अज्ञात लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। उमेश गारा ने पुलिसकर्मियों को घर में कैद करने की कोशिश की।
उमेश के बेटे गौतम कुमार ने पुलिस बल पर हमला कर दिया और शिकायत से जुड़े दस्तावेज छीनने का प्रयास किया। इस हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायलावस्था में जब वे अनुमंडलीय अस्पताल जाने लगे, तो उमेश गारा और गौतम कुमार ने फिर से लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हथियार छीनने की भी कोशिश की।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
- इस बीच थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उमेश गारा और गौतम कुमार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है।
- स्थानीय लोगों के अनुसार, ये दोनों अक्सर त्योहारों और आयोजनों के दौरान भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।
- पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस से धक्कामुक्की मामले में एक गिरफ्तार
उधर, सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में सूचना पर शराब मामले में कार्रवाई को पहुंची पुलिस के साथ धक्कामुक्की व दुर्व्यवहार के आरोप में एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई है।
जबकि मनोज शर्मा सहित अन्य अभियुक्त की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी हुई है। निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने और एक शराबी को जबरन छुड़ाने के प्रयास में शामिल एक आरोपित को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
इसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपित निर्मली नगर के वार्ड 10 निवासी संतोष शर्मा को जेल भेज दिया गया है।
बता दें कि 27 फरवरी की रात करीब 11 बजे सुभाष चौक पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे मनोज शर्मा को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
थाने ले जाने के दौरान स्वजन सहित 5-7 लोग वहां पहुंच गए और पुलिस के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए धक्कामुक्की की थी।
इस घटना के बाद निर्मली थाना के एएसआइ अशोक कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था।
छेड़खानी की सूचना पर पहुंची पुलिसकर्मियों पर हमला
इसके अलावा, औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र के चनहट गांव में रविवार शाम महिलाओं से छेड़खानी एवं मोबाइल छीनने की शिकायत पर पहुंची पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस पर रोड़े बरसाए। डंडा से हमला कर दिया जिसमें दो पुलिसकर्मी एवं दो महिला समेत पांच ग्रामीण घायल हो गए।
ग्रामीणों के हमला में पुलिसकर्मी चांदी लाल सिंह, अजय सिंह, ग्रामीण रामस्वरूप, चंदीप पाल, सुरेश भगत घायल हुए हैं। दो महिलाएं भी घायल हुईं हैं। पांच घायलों की स्थिति गंभीर है।
रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो पुलिसकर्मी एवं तीन ग्रामीणों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
सोमवार को पुलिस ने सियाराम पासवान, नन्हेश्वर पासवान, कौशल कुमार, प्रमोद कुमार, सोनू कुमार एवं छोटन पासवान को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बताया गया कि कुछ महिलाएं बधार की तरफ शौच के लिए गईं थी। वहीं गांव के कुछ युवकों ने उनसे छेड़खानी कर मोबाइल छीन लिया। घटना की जानकारी महिलाओं ने घर आकर स्वजनों को दिया।
स्वजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस की गश्ती टीम जब आरोपियों के घर पहुंची तो उनपर रोड़े एवं डंडे से हमला कर दिया।
ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
खड़गपुर में पुलिस पर हमला
मुंगेर में मुफस्सिल थाना के जमादार संतोष कुमार सिंह की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक बार फिर रविवार की रात हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के फसियाबाद में ग्रामीणों ने पुलिस (डायल 112 की टीम) पर पथराव कर दिया।
इसमें सिपाही बबलू रजक का सिर फट गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 250 लोगों को नामजद किया है। चार महिलाओं सहित 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने सोमवार को बताया कि फसियाबाद गांव में दो छिनतई के दो आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़कर पंचायत भवन में बंद कर दिया था। इसके बाद डायल 112 की टीम को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम जब आरोपितों को ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने विरोध कर दिया।
इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच लंबी बहस हुई। इस बीच भीड़ से किसी ने पत्थर फेंककर सिपाही बबलू रजक का सिर फाड़ दिया। इसके बाद लगातार पथराव शुरू हो गया। इसमें दो महिला आरक्षी सहित एक अन्य पुलिस कर्मी को चोट लगी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।