लालू की टिप्पणी पर थम नहीं रहा विवाद, अब NDA की महिलाओं ने मोर्चा खोला; कहा- बुजुर्ग नेता की इतनी घटिया सोच...
नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर लालू प्रसाद की टिप्पणी से विवाद बढ़ गया है। लालू ने कहा था कि नीतीश कुमार आंख सेकने के लिए यात्रा पर जा रहे हैं। एनडीए ने इसे मुद्दा बनाया है जबकि कांग्रेस ने कहा है कि राजनीति में इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है। कई महिला नेताओं ने लालू से माफी मांगने की मांग की है।

राज्य ब्यूरो, पटना। नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की टिप्पणी से उत्पन्न विवाद कम नहीं हो रहा है। लालू ने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आंख सेकने के लिए यात्रा पर जा रहे हैं। एनडीए ने इसे मुद्दा बनाया है, जबकि कांग्रेस ने कहा है कि राजनीति में इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।
बुधवार को कई महिला नेताओं ने आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए लालू से माफी मांगने की मांग की है। बुधवार को प्रदेश जदयू महिला प्रकोष्ठ की ओर से राजधानी में प्रतिरोध मार्च का आयोजन किया गया।
प्रतिरोध मार्च का नेतृत्व कर रही प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. भारती मेहता ने कहा कि सात बेटियों के पिता लालू प्रसाद अगर महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं तो यह आहत करने वाली घटना है। उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि उनके बयान से महिलाओं के प्रति राजद की असली सोच उजागर हुई है। प्रदेश की महिलाएं किसी भी सूरत में इसे बर्दाश्त नहीं करेंगी। चुनाव दर चुनाव प्रदेश की महिलाओं द्वारा नकारे जाने की पीड़ा और बेचैनी में लालू प्रसाद यादव अब महिलाओं का सम्मान करना भूल चुके हैं।
प्रतिरोध मार्च में प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा, प्रदेश महासचिव, किरण रंजन, प्रदेश सचिव रीना चौधरी, नेहा निसार सैफी, पूर्व प्रदेश महासचिव मालती सिंह, ममता शर्मा, रेणुका कुशवाहा, शोभा चंद्रवंशी, उषा सिन्हा, यशमीन खातून, पूजा एन शर्मा, पल्लवी पटेल, राजकुमारी विभु, पूनम कुमारी आदि शामिल थीं।
लोकतांत्रिक मर्यादा को लालू ने किया तारतार : अनामिका
- भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व विधान पार्षद अनामिका सिंह पटेल ने कहा है कि राजद प्रमुख लालू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नहीं करोड़ों महिलाओं का अपमान किया है।
- विधानसभा चुनाव में महिलाएं वोट के चोट से इसका बदला लेंगी। बुजुर्ग नेता की इतनी घटिया सोच असंतुलित मानसिकता की निशानी है। राजद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने बयान से लोकतांत्रिक मर्यादा को तारतार किया है।
अभद्र बयान के लिए माफी मांगे : निवेदिता सिंह
भाजपा की विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने कहा है कि लालू यादव का किसी भी विषय को हलके में लेने का शगल रहा है। उन्होंंने अपने बयान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ आधी आबादी और बिहार को शर्मसार किया है। अभद्र बयानबाजी के लिए लालू को माफी मांगनी चाहिए।
महिला संवाद यात्रा के विषय में इस तरह की टिप्पणी एक बुजुर्ग नेता के मुंह से शोभा नहीं देता। मीडिया के माध्यम से अपना बयान वापस लेना चाहिए। यही नहीं, बिहार को बदनाम करने से भी परहेज करें।
यह भी पढ़ें-
Gaya News: गया में BDO साहब घूस लेते गिरफ्तार, एक काम के लिए 70 हजार रुपये लेना पड़ा महंगा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।