अशोक चौधरी ने कहा : टूट सकता है महागठबंधन, तेजस्वी बोले : बयान बेमतलब
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है कि आलाकमान आज चाहे तो बिहार में गठबंधन टूट सकता है। इसपर प्रतिक्रिया में तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बयान बेमायने है।
पटना [जेएनएन]। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आलाकमान के निर्देश पर कांग्रेस ने बिहार में जदयू व राजद के साथ गठबंधन किया है। अगर आलाकमान का निर्देश होगा तो गठबंधन आज ही टूट सकता है।
चाैधरी के इस बयान से राजनीति गरमा गई है। इसने विपक्ष को आलोचना का मौका दे दिया है। उधर, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि बयान कौन दे रहा है, यह भी महत्वपूर्ण होता है। जब तक कांग्रेस आलाकमान की ओर से कोई बयान नहीं आजा, अशोक चौधरी का बयान बेमायने है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा...
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष व राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने एक बार पुन कहा है आलाकमान की इच्छा होने पर कांग्रेस महागठबंधन से अलग हो जाएगी। यह पहला मौका नहीं है, इसके पूर्व भी वे इशारों-इशारों में राजद को लेकर भी टिप्पणी कर चुके हैं।
नोटबंदी के मसले पर आलाकमान के निर्देश पर बिहार कांग्रेस ने बुधवार को करगिल चौक से जेपी गोलंबर गांधी मैदान तक विरोध मार्च आयोजित किया। कांग्रेस के इस विरोध को देखे हुए डॉ. चौधरी से पत्रकारों ने सवाल किया था कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के नोटबंदी के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन महागठबंधन में शामिल विरोध कर रही है तो क्या पार्टी महागठबंधन के सिद्धांतों से सहमत नहीं।
इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की अलग-अलग प्रतिक्रिया और सोच है। बिहार कांग्रेस भले ही महागठबंधन में है, लेकिन वह अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रति उत्तरदायी है। महागठबंधन के प्रति नहीं।
कहा, महागठबंधन में शामिल होने के फैसला उनका नहीं था, यह फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस की ओर से लिया गया था। यदि कल को पार्टी आलाकमान का फैसला होगा कि कांग्रेस को महागठबंधन में नहीं रहना है तो पार्टी का बिहार प्रतिनिधि होने के नाते हम सरकार से बाहर भी हो जाएंगे।
उन्होंने कहा नीतीश कुमार नोटबंदी के पक्ष हैं, यह उनके राजनीतिक दल का विचार है, कांग्रेस नोटबंदी का विरोध कर रही है। हर पार्टी अपने सिद्धांत पर अमल करके आगे बढ़ती है। बिहार कांग्रेस ने पार्टी के निर्देश पर बिहार में नोटबंदी की वजह से होने वाली परेशानी को देखते हुए आज विरोध मार्च का आयोजन किया था।
जदयू ने कहा, सबको बोलने की पूरी छूट
इस मसले पर जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि गठबंधन में सबको बोलने और अपनी राय रखने की पूरी छूट है। उन्होंने कहा कि बिहार से भाजपा को भगाने के लिए गठबंधन किया गया है। हमने जनता के लिए गठबंधन किया है। सबकी अपनी-अपनी सोच होती है, कोई जरूरी नहीं कि गठबंधन के सभी दलों की सोच एक हो। कांग्रेस ने भी अबतक कालेधन पर रोक के खिलाफ अपना कोई बयान जारी नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी का बयान एेसा कोई अापत्तिजनक बयान नहीं है। महागठबंधन अटूट है और अटूट रहेगा।
पढ़ें - नोटबंदी पर बोले रघुवंश, PM मोदी से प्रभावित हैं नीतीश, कालाधन के पक्ष में केंद्र
राजद ने कहा, एक है महागठबंधन
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि केंद्र सरकार ने कालेधन पर लोगों के बीच कंफ्यूजन की स्थिति पैदा कर रखी है। सरकार ने बिना किसी तैयारी के ही नोटबंदी का फैसला ले लिया जिससे आम जनता आज तक परेशान है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अशोक चौधरी के बयान से महागठबंधन की एका को कोई लेना-देना नहीं है। महागठबंधन में कोई मतभेद नहीं है।
तेजस्वी बोले, बेमतलब है बयान
इस बीच राजद नेजा व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का बउ़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि जबतक कांग्रेस आलाकमान का कोई बयान नहीं आता, ऐसे बयान का काेई मतलब नहीं है।
पढ़ें - नीतीश ने यूपी चुनाव के लिए बनाया मोर्चा, 17 को जाएंगे लखनऊ
भाजपा का तंज, सरकार के मुखिया के विरोध में मंत्री
अशोक चाौधरी के इस बयान पर भाजपा के नंदकिशोर यादव ने कहा है कि बिहार में राजद, जदयू व कांग्रस का गठबंधन नापाक है। यी केवल सत्ता के लिए है। इस सरकार के मंत्री ही सरकार के मुखिया का विरोध कर रहे हैं। वे गठबंधन तोउ़ने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी सरकार चला रहे हैं।
'बेवक्त की शहनाई बजा रहे चौधरी'
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने कहा कि अशोक चाैधरी बेकार की बात कर रहे हैं। वे बेवक्त की शहनाई बजा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।