Ayodhya Ram Mandir: 'प्राण प्रतिष्ठा' को लेकर BJP ने नीतीश कुमार से कर दी ये मांग, सुशील मोदी बोले- राजनीति से ऊपर उठकर...
सुशील मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने सभी कार्यालयों औद्योगिक प्रतिष्ठानों और केंद्रीय संस्थानों में 22 जनवरी को दोपहर 2.30 तक अवकाश रखने की घोषणा कर बहुसंखयक समुदाय की धार्मिक भावना का सम्मान किया है। यह एक सराहनीय निर्णय है। बिहार में भी हिंदू समाज के लोग 22 जनवरी को दिन में पूजा-पाठ और शाम को दीपावली मनाने वाले हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने राज्य सरकार से अपील की कि अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के ऐतिहासिक अवसर पर दर्शन-पूजन करने या उसका सीधा प्रसारण देखने के लिए सभी सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में 500 साल के लंबे संघर्ष के बाद सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय, सबकी सहमति और धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हुए भव्य राम मंदिर के नवनिर्माण से देश-विदेश के कोटि-कोटि हिंदुओं में जो उत्साह है, उसका आदर होना चाहिए।
सुशील मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने सभी कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और केंद्रीय संस्थानों में 22 जनवरी को दोपहर 2.30 तक अवकाश रखने की घोषणा कर बहुसंखयक समुदाय की धार्मिक भावना का सम्मान किया है। यह एक सराहनीय निर्णय है। बिहार में भी हिंदू समाज के लोग 22 जनवरी को दिन में पूजा-पाठ और शाम को दीपावली मनाने वाले हैं। सरकार को इस बड़े समुदाय की आस्था का सम्मान करते हुए राजनीति से ऊपर उठकर आधे दिन की छुट्टी घोषित करनी चाहिए।
महागठबंधन सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद : प्राभकर मिश्र
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि महागठबंधन सरकार में आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। सरेशाम एक अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया जाता है और राजद सुप्रीमो का नाम लेकर अपराधी अपना रिश्तेदार बताता है। इसके बाद अब महागठबंधन सरकार को सफाई देने के लिए क्या बच जाता है।
उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह पर गोला रोड में नशे में धुत कुछ युवकों ने उनकी स्कार्पियों को रोक जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उन्हें गंभीर चोट आई थी। गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है। हमलावर चुनौती देते हुए कह रहा था कि उसका नाम तनुज यादव है। वह नागेंद्र राय का बेटा है। राजद सुप्रीमो का वह पोता है, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
बिहार में अपराधियों के तांडव से दहशत
भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा ने पटना के गोला रोड में राजद प्रमुख लालू यादव के भाई के पोत्रों द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी अरविन्द कुमार सिंह पर जानलेवा हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि बिहार गुंडाराज की गिरफ्त में आ गया है।
सिन्हा ने कहा कि पीड़ित अधिकारी की हालत चिंताजनक है। जंगलराज के खिलाफ भाजपा ने पहले भी लड़ाई लड़ी थी। एक बार फिर से लालू के परिवार के सदस्य की गुंडागर्दी लोग देख रहे हैं। पीड़ितों के द्वारा मुकदमा दर्ज कराये जाने पर आना कानी की गई, लेकिन हमलावरों के द्वारा मुकदमा को तुरंत दर्ज कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि वो जांच के लिए कहे हैं। जांच होगी। बिहार के अंदर रंगदारी, अपराध और गुंडागर्दी चरम पर है। थानों में पीड़ितों का मुकदमा आसानी से नहीं लिया जाता है। मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे स्वयं इस मामले का संज्ञान लें ताकि दोषियों को सजा मिले।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।