Bihar Weather Today: बारिश के बाद दिन-रात हुए सर्द, आने वाले दिनों में मौसम होगा और बेदर्द; IMD ने जारी किया यलो अलर्ट
प्रदेश में उत्तर पछुआ हवा के साथ बादलों की आवाजाही के कारण सर्दी का सितम और ज्यादा बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक इससे राहत मिलने के आसार नहीं है। वहीं शीत लहर को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ठंड बढ़ने के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी भी बढ़ गई है।

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather Today: दो दिनों से प्रदेश के मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन-रात सर्द होने के साथ ही हवा खासी बेदर्द है। राजधानी समेत प्रदेश में उत्तर पछुआ हवा के साथ बादलों की आवाजाही बने होने से ठिठुरन बढ़ गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान पटना का अधिकतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
डेहरी व बांका रहा सबसे ठंडा
4.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी व बांका में प्रदेश का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना सहित 31 जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने रहे। पटना के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में छह डिग्री का अंतर बना हुआ है। वहीं पटना का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री तक पहुंच गया।
कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। उत्तरी भागों के 18 जिलों पटना, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया व कटिहार में शीत लहर की स्थिति बने रहने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे का प्रभाव बना रहा। दिन बादल छाए रहने से कई जगहों पर दिन में ही शाम जैसी स्थिति बनी रही। पछुआ के तेज प्रवाह से लोग कनकनी से परेशान रहे। आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों के मौसम का हाल
- पटना- पटना में आज अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर में आज अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- भागलपुर- भागलपुर में आज अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 07 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अलाव बना ठंड से बचने का सहारा
जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पछुआ हवा के बहने से कनकनी बढ़ने के साथ लगातार तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके पूर्व बुधवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी हुई है। इससे बच्चे-वृद्ध समेत सभी वर्ग के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। गुरुवार को दिन में करीब 12 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए, लेकिन वह नाकाफी रही, शाम होते ही कनकनी बढ़ गई।
जैसे जैसे दिन ढलता गया बाजार व सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा था। इस मौसम में खेतों में काम करने वाले किसानों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ी।
वहीं किसानों का कहना है कि ठंड बढ़ने से गेहूं की फसल को नमी मिलेगी, लेकिन अधिक दिनों तक रहने से फसल को नुकसान भी हो सकता है।
ये भी पढ़ें
Delhi Weather: दिल्ली-NCR में छाया घना कोहरा, ठिठुरन भी बढ़ी; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।