Bihar Weather Today: मौसम का बदलता मिजाज बना आफत! IMD ने फिर जारी किया अलर्ट
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। समूचा प्रदेश इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। वहीं दूसरी ओर कोहरे की वजह से भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार एक हफ्ते तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather Today: पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कम अंतर होने के कारण प्रदेश में ठंड में वृद्धि होने के साथ कनकनी जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 19 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम करवट लेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड व कनकनी में बढ़ोतरी के आसार हैं।
ठंड से राहत के आसार नहीं
लोगों को अभी हफ्ते भर ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिसंख्य भाग कोहरे की चपेट में रहेगा। सर्द पछुआ हवा के कारण कनकनी का असर बना रहेगा। दिन में हल्की धूप निकलने के साथ बादलों की आवाजाही बनने से ठंड से राहत के आसार नहीं है।
बांका रहा सबसे ठंडा
गुरुवार को पटना समेत अधिसंख्य भाग कोहरे की चपेट में रहा। कोहरा छटने के बाद बादलों की आवाजाही के कारण सूर्य का तेज भी मंद पड़ा रहा। गुरुवार को पटना सहित 23 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस जबकि 8.1 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका सबसे ठंडा रहा।
सिवान में दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि 22.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सिवान का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ। पटना समेत 15 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कई शहरों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अंतर घटने से लोगों को अधिक ठंड लगने के साथ प्रदेश में शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई है।
कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित
कोहरे के कारण आम जीवन के साथ यातायात समेत ट्रेन व वायुयान का परिचालन प्रभावित हो रहा है। सुबह के समय कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों के परिचालन में कमी आने के साथ गति धीमी रही।
प्रमुख शहरों के मौसम का हाल
- पटना- पटना का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतन तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
- गया- गया का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतन तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
- भागलपुर- भागलपुर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतन तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
- मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतन तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
गोपालगंज : ठंड की वजह से स्कूल बंद
जिले में कड़ाके की ठंड की वजह से एक से आठ तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इस दौरान अधिकांश निजी स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। सरकारी विद्यालय में ऑनलाइन कक्षा संचालित करने का कोई आदेश नही है।
स्थापना डीपीओ जमालुदीन ने बताया कि स्कूल के शिक्षक चाहे तो इस समय में ऑनलाइन कक्षा संचालित कर सकते हैं। निजी विद्यालयों की ओर से ऑनलाइन पढ़ाई प्रारंभ किए जाने से छात्र-छात्राएं घर पर रहकर शिक्षण कार्य कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।