Bihar Politics: बिहार की सियासी 'महाभारत' में किसे मिलेगा कृष्ण और अर्जुन का साथ? कांग्रेस नेता ने बताया
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष द्वारा NDA नेताओं की तुलना पांडवों से करने के बाद अब बिहार की राजनीति में नया सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता ने एनडीए नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार रूपी द्रौपदी का चीरहरण करने वाले स्वयं को पांडव कह रहे। पहले वे पांडव एक साथ उठना-बैठना सीख लें। साथ ही ये भी कहा कि कृष्ण और अर्जुन गठबंधन के साथ हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिससे पहले सियासी गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित NDA नेता बिहार में भी जीत का दावा कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी NDA नेताओं पर हमलावर है। हाल ही में बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने एनडीए को पांच पांडव बताया था, जिस पर कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया सामने आई है।
कृष्ण और अर्जुन महागठबंधन के साथ
कांग्रेस ने कहा है कि एनडीए के जो नेता स्वयं को पांडव बता रहे, उन्हें यह पता होना चाहिए कि कृष्ण और अर्जुन महागठबंधन के साथ खड़े हैं।
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता और रिसर्च विभाग के अध्यक्ष आनंद माधव ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि बिहार रूपी द्रौपदी का चीरहरण करने वाले स्वयं को पांडव कह रहे। पहले पांचों एक साथ उठना-बैठना तो सीख लें।
अकेले लड़े तो विपक्ष के लायक भी नहीं रहेंगे : आनंद माधव
- आनंद माधव ने कहा कि एक अकेला सब पर भारी और 400 पार का नारा लगा कर छाती ठोकने वाले लोग अब पांडव बन रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि बिहार में उनका चेहरा नहीं चलेगा।
- अकेले लड़ें तो शायद विपक्ष के लायक भी नहीं रहेंगे। आनंद माधव ने कहा कि इन्होंने बहुत दिनों तक जनता को छला पर अब बिहार की जनता और मूर्ख नहीं बनने वाली।
दरभंगा में आयोजित हुआ NDA कार्यकर्ता सम्मेलन
रविवार को दरभंगा के कर्पूरी चौक स्थित मेडिकल मैदान में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल ने की। संचालन भाजपा उत्तरी के जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना ने किया।
बीजेपी अध्यक्ष ने NDA को बताया पांडव
एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने एनडीए की तुलना पांडवों से की थी।
उन्होंने कहा कि एनडीए पांच पांडव है। उधर कौरव की सेना खड़ी है। जीत अंतत: पांडव की होगी, जिस पर अब कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया सामने आई है।
प्रदेश प्रवक्ता ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के जीत का क्रम थमने वाला नहीं है। बिहार विधानसभा चुनाव में भी एनडीए की प्रचंड जीत होगी।
अब भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने का समय आ गया है। बिहार सहित पूरे देश की जनता अब भ्रष्टाचारियों को सत्ता सौंपने को तैयार नहीं है।
भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना
राजनीति अब बदल चुकी है, जो विकास नहीं करेगा, उसके राजनीतिक भविष्य का नाश हो जाएगा। प्रभाकर ने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं कि यह बिहार है, यहां दिल्ली की तरह नहीं चलेगा।
नेता प्रतिपक्ष के इस बयान का क्या निहितार्थ है, क्या बिहार के लोग भ्रष्टाचारियों को माफ कर देंगे? क्या बिहार के लोग विकास नहीं चाहते?
बिहार के लोग राजनीति चेतना से समृद्ध हैं। यहां के लोगों ने 2005 के पहले की बदहाली भी देखी है और एनडीए के शासनकाल में बिहार की खुशहाली भी देख रहे हैं। इसलिए तेजस्वी यादव किसी मुगालते में न रहें, यहां भी भ्रष्टाचारियों की करारी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।