Bihar Politics: बिहार में छिड़ी सियासी 'महाभारत', BJP प्रदेश अध्यक्ष ने NDA को बताया पांडव; किसे कहा कौरव?
दरभंगा के कर्पूरी चौक स्थित मेडिकल मैदान में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें NDA के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एनडीए को पांच पांडव और विपक्ष को कौरव सेना बताया। वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आगामी बिहार चुनाव में एनडीए की जीत तय बताई।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा है कि एनडीए पांच पांडव है। उधर कौरव की सेना खड़ी है। जीत अंतत: पांडव की होगी। उधर परिवारवादियों के मुंह से लार टपक रहा है।
आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून का राज है। चट्टानी एकता के साथ एनडीए के सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक गठबंधन को मजबूत कीजिए।
कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन
डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि दिल्ली में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर जनता ने मुहर लगा दी है। 2025 में फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाइए।
वे रविवार को शहर के कर्पूरी चौक स्थित मेडिकल मैदान में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल ने की। संचालन भाजपा उत्तरी के जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना ने किया।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने किया NDA की जीत का दावा
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अगले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया। कहा कि हमारे पास न केवल कुशल नेतृत्व है, बल्कि कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है।
इन कार्यकर्ताओं के पास जोश भी है, जुनून भी है और उत्साह भी है। कार्यकर्ताओं का यह जोश और उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत होगी।
एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में उपास्थित कार्यकर्ता।
जनता का विश्वास एनडीए सरकार के प्रति बढ़ा: राजू तिवारी
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि आज बिहार ही नहीं देश की जनता का विश्वास एनडीए सरकार के प्रति बढ़ा है। कांग्रेस अब परजीवी हो चुकी है। कांग्रेस तो खुद समाप्त हो ही रही है और जो उसके साथ रह रही है, उसे भी डूबो रही है।
जंगलराज के उस दौर को लोग भूले नहीं : अनिल सिंह
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि दरभंगा हो या प्रदेश का कोई कोना हो, यहां के लोग जंगलराज के उस दौर को अभी तक नहीं भूले हैं।
आज के युवाओं को उस दौर से अवगत कराएं। पहले सूबे में सड़कों और बिजली की हालत क्या थी। उस समय उद्योग के नाम पर अपहरण उद्योग चलता था।
डबल इंजन सरकार की ताकत पहचान चुके हैं लोग: मदन चौधरी
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि आज देश में कहीं भी जाइए एनडीए सरकार की विकास नीतियों का जबरदस्त समर्थन है। दरअसल, लोग अब डबल इंजन की ताकत को पहचान चुके हैं।
लगातार दो बजट से बिहार पर जिस प्रकार केंद्र सरकार ने विशेष ध्यान दिया है वह किसी से छिपा नहीं है।
सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने पार्टी के दर्जनों नेताओं तथा कार्यकर्ताओ के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल को पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया तथा उनके नेतृत्व में भाजपा को मिल रही मजबूती के लिए बधाई दी।
जदयू प्रदेश के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को फूलों का गुलदस्ता,मिथिला पेंटिग देकर राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुनील भारती सहनी ,कमलेश मंडल,नवनीत सिंह उर्फ बिजली सिंह, रमाशंकर सिंह,रविंद्र यादव आदि ने सम्मानित किया।
सम्मेलन को समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी , पिछड़ा व अतपिछड़ा कल्याण मंत्री हरि सहनी , सांसद अशोक यादव, डॉ. धर्मशीला गुप्ता , विधायक संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा ,विनय कुमार चौधरी , मुरारी मोहन झा ,रामचंद्र प्रसाद ,अमन भूषण हजारी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, दिलीप चौधरी आदि सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।