सम्राट या विजय सिन्हा नहीं, इस नेता को BJP बनाएगी CM उम्मीदवार; Tejashwi Yadav का चौंकाने वाला दावा
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार तय कर लिया है। तेजस्वी के अनुसार भाजपा सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा की जगह मंगल पांडेय को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसेमंद सूत्रों से यह जानकारी मिली है और यह एनडीए की लीक हुई योजना है।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) में भाजपा ने अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार तय कर लिया है।
वह मौजूदा उपमुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी या विजय सिन्हा को नहीं, बल्कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निकटतम रहे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाएगी।
तेजस्वी ने अपने बयान में कहा कि उन्हें भरोसेमंद सूत्रों से पता चला है कि भाजपा की योजना मंगल पांडेय को आगे करने की है। तेजस्वी ने इसे एनडीए की लीक हुई योजना बताया और कहा कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सिर्फ धोखा खा रहे हैं।
वहीं, एक्स पर पोस्ट कर तेजस्वी ने कहा कि लूट, हत्या, अपराध और भ्रष्टाचार वाली सरकार का खात्मा तय है। बिहार की जनता ने मन बना लिया है। इस सरकार का जाना तय है। आरोप लगाया कि इस सरकार के पास कोई विजन नहीं है और हमारी घोषणाओं का केवल नकल कर रही है।
राजद के कोईरी नेता गांव-गांव बुलंद करेंगे यादव-कुशवाहा भाई-भाई का नारा
विधानसभा चुनाव के लिए राजद ने यादव-कुशवाहा भाई-भाई का नारा दिया है। सोमवार को राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आलोक मेहता के सरकारी आवास 12 सरदार पटेल मार्ग में कुशवाहा समाज के नेताओं का जुटान हुआ।
राज्य भर से आए कुशवाहा नेताओं ने संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कुशवाहा समाज चट्टानी एकता के साथ राजद एवं महागठबंधन को वोट करेगा। कुशवाहा समाज की ओर से जिलेवार भाईचारा सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में राजद की राष्ट्रीय महासचिव रेणु कुशवाहा, विधायक बागी कुमार वर्मा, फते बहादुर सिंह, राजेश कुशवाहा, राजवंशी महतो, रवीन्द्र सिंह, कीर्तन कुशवाहा, कुंदन कुशवाहा आदि उपस्थित थे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री आलोक मेहता ने कहा कि बहुजन समाज में एकजुटता की आवश्यकता है। एनडीए एवं भाजपा के नेतृत्व में छल, बल, धन एवं सत्ता के बल पर बिहार को हड़पने की कोशिश की जा रही है। जिस लालू प्रसाद ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राजनीति में पहला मौका दिया, उनके खिलाफ वे अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उनके इस व्यवहार से कुशवाहा समाज आहत है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।