यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: तेजस्वी के साथ आए JDU के कद्दावर नेता, लालू के लाल बोले- 20 साल तक नीतीश चाचा ने...
कोचाधामन में तेजस्वी यादव ने महागठबंधन सरकार बनने पर सीमांचल विकास कमेटी बनाने का वादा किया। उन्होंने सीमांचल की गरीबी ...और पढ़ें

HighLights
- 'सीमांचल विकास के लिए महागठबंधन प्रतिबद्ध'
- हर पंचायत में बनेगा भंडारण- तेजस्वी यादव
- 'गरीब महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे'
संवाद सूत्र, कोचाधामन (किशनगंज)। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो सीमांचल विकास कमेटी का गठन किया जाएगा। यह बातें नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कोचाधामन प्रखंड के किसान कालेज सुंदरबाड़ी में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने सीमांचल की गरीबी, बदहाली, पलायन, लोगों की आय, एसआईआर, वक्फ संशोधन विधेयक पर एनडीए सरकार पर जमकर प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि सीमांचल में गरीबी है, बेरोजगारी है। बाढ़ व नदी कटाव की समस्या अब भी है। बीस साल तक मुख्यमंत्री नीतीश चाचा ने सीमांचल के लिए कुछ नहीं किया। हमारी सरकार बनी तो सीमांचल के बदहाली दूर करने को लेकर काम किया जाएगा। इस क्षेत्र में किसान मक्का की खेती बड़े पैमाने पर करते हैं।
तेजस्वी ने कहा कि सरकार बनी तो सीमांचल के हर पंचायत में एक भंडारण( गोदाम) का निर्माण कराया जाएगा। वक्फ विधेयक संशोधन को रद किया जाएगा। एनडीए की सरकार वक्फ की जमीन को छीनकर पूंजीपति दोस्तों को देना चाहती है।
उन्होंने कहा यह देश सभी का है। एसआईआर के तहत एनडीए की सरकार अकलियत, दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, आदिवासियों से वोटों की अधिकार को छीनना चाह रही है। जिसे हम लोग कभी नहीं होने देंगे। सरकार बनी तो हर गरीब महिलाओं को हर महीना 25 सौ रुपये, सामाजिक पेंशन की राशि 15 सौ रुपये दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमने चाचा नीतीश कुमार के साथ मिलकर 17 महीना सरकार चलाया। इस अवधि में पांच लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत हो गए हैं, भाजपा वालों ने उन्हें हाईजेक कर लिया है। अब उनसे बिहार नहीं चल रहा। यह सरकार अब खटारा हो गई है, जिसे बदलने की जरूरत है।
इस दौरान जदयू के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम को तेजस्वी यादव ने सभी विधायक एवं पार्टी नेताओं की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। मौके पर पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, राज्यसभा सांसद संजय यादव, कोचाधामन से राजद विधायक हाजी इजहार असर्फी, ठाकुरगंज विधायक सउद असरार, बहादुरगंज विधायक अंजार नईमी, बायसी विधायक रुकनुद्दीन, जोकीहाट विधायक शाहनवाज आलम, राजद जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक कमरुल हुदा, विधायक प्रतिनिधि इम्तियाज अशर्फी, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष तनवीर आलम समेत अन्य मौजूद थे।
