Bihar Politics: तय हो गई निशांत की राजनीति में एंट्री? होली की इस एक तस्वीर ने कर दिया सब कुछ क्लियर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री होती तय दिख रही है। इस बार होली के मौके पर सीएम निवास में निशांत एक अलग भूमिका में नजर आए। यही नहीं मंत्री विजय चौधरी और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ उनकी तस्वीर चर्चा में बनी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि वे जल्द ही पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री तय हो गई है। बस अब उस घड़ी की प्रतीक्षा हो रही है, जब वे जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। होली के दिन निशांत मुख्यमंत्री निवास में एकदम नई भूमिका में थे। वे सत्ता के नए केंद्र की हैसियत से जदयू के नेताओं-कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे।
होली पर दिखी सक्रियता
होली की बधाई देने वाले भी नीतीश के बाद निशांत के पास ही जा रहे थे। यह पहली बार हो रहा था, जब नीतीश की उपस्थिति में उनके पुत्र राजनीतिक उत्तराधिकारी की तरह सक्रिय नजर आए। माना गया कि नीतीश कुमार भी निशांत की दल में स्वीकार्यता की परख कर रहे हैं।
निशांत के राजनीति में नेतृत्व की मांग
मोटे तौर जदयू की कतारों से मांग हो रही है कि निशांत जदयू की नेतृत्वकारी भूमिका में आ जाएं। जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी भी निशांत की राजनीतिक सक्रियता को अस्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तय करना है कि जदयू में निशांत की क्या भूमिका होगी।
मंत्री विजय चौधरी और संजय झा के साथ निशांत की तस्वीर चर्चा में
होली के दिन की एक तस्वीर भी चर्चा में है। इसमें निशांत मंत्री विजय चौधरी और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के बीच में खड़े हैं। निशांत की इस तस्वीर के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी राजनीतिक एंट्री की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
विजय चौधरी और संजय कुमार झा के साथ निशांत की तस्वीर।
दरअसल, विजय चौधरी और संजय कुमार झा दोनों मुख्यमंत्री के बेहद करीबी नेताओं में हैं। दल और सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों में इनकी सलाह को वरीयता दी जाती है। तस्वीर की व्याख्या यह हो रही है कि निशांत अगर राजनीति में आते हैं तो उसमें भी विजय चौधरी और संजय झा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
राजनीति में आने के प्रश्नों को टालते रहे निशांत
निशांत जब कभी मीडिया के सामने आए, राजनीति में शामिल होने के प्रश्न को टालते रहे, लेकिन होली के दिन जब उत्साही कार्यकर्ताओं ने निशांत जिंदाबाद का नारा लगाया, तो वे उन्हें रोक नहीं पाए।
निशांत को जदयू में सक्रिय करने के लिए मुहिम चलाने वाले उपभोक्ता संरक्षण आयोग के अध्यक्ष विद्यानंद विकल विश्वास के साथ कहते हैं कि निशांत की राजनीति में एंट्री हो चुकी है। बस, औपचारिकता बाकी है। थोड़ी प्रतीक्षा कीजिए।
निशांत कभी किसी राजनीतिक मंच पर नजर नहीं आए हैं। अपनी मां स्व. मंजू देवी और दादा स्वतंत्रता सेनानी कविराज स्व. रामलखन सिंह की जन्मतिथि और पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों में ही वह सार्वजनिक रूप से शामिल होते रहे हैं। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में निशांत का अगला कदम क्या होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।