Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Bihar Budget 2025: महिलाओं को 6 सौगातें; किसानों के लिए 5 एलान, नीतीश सरकार के बजट से किसे क्या मिला?

    Updated: Mon, 03 Mar 2025 03:16 PM (IST)

    Bihar Budget 2025 बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार ने वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। राज्य सरकार का बजट दूसरी पाली में पेश किया गया। जिसका आकार 3 लाख 17 हजार करोड़ है। वहीं बजट पेश होने से पहले पहली पाली में महागठबंधन के नेताओं ने सदन पोर्टिको में प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने सरकार से विधवा एवं दिव्यांग पेंशन बढ़ाने की मांग की।

    Hero Image
    वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में पेश किया बजट।

    राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Budget 2025 उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 03 लाख 16 हजार 895 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश किया। यह पिछले बजट से 38,169 करोड़ रुपये अधिक है। इसमें से 1,38,515 करोड़ रुपये केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में मिलेंगे। 55,737 करोड़ रुपये ऋण उगाही से।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजकोषीय घाटा 2.98 प्रतिशत अनुमानित हैं। बजट में राजस्व बचत 8,831 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। सर्वाधिक 60,964 करोड़ रुपये का आवंटन शिक्षा विभाग को हुआ है। बजट में महिलाओं के लिए कई नई घोषणाएं हुई हैं। आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, उद्योग और समाज कल्याण पर विशेष फोकस है।

    बजट भाषण में उन्होंने कहा कि बिहार के बजट में इस बार वृद्धि हुई है। उन्होंने राज्य के निरंतर विकास के लिए सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी का आभार जताया। सम्राट ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार को प्राथमिकता दी है। सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार का बजट 38 हजार करोड़ रुपये ज्यादा है।

    उन्होंने कहा कि रोजगार युक्त निवेश पर सरकार का फोकस है। बिहार में केंद्र की मदद से विकास हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राजकोषीय घाटा 3 प्रतिशत करने की कोशिश है। वहीं, 8 हजार 800 करोड़ से ज्यादा राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है।

    बिहार बजट 2025-26 की मुख्य घोषणाएं

    • 21 कृषि उत्पादन बाजार प्रांगण के लिए 1289 करोड़ की योजना का कार्यान्वयन।
    • नेफेड के सहयोग से अरहर, मूंग, उड़द आदि दलहन का एमएसपी पर खरीद।
    • सभी अनुमंडलों में कोल्ड स्टोरज की स्थापना।
    • सब्जी की उचित मूल्य पर बिक्री के लिए सभी प्रखंडों में सुधा आउटलेट।
    • सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों का गठन।
    • सभी पंचायतों में महिला स्वयं सहायता समिति की ओर से कन्या विवाह मंडप का निर्माण।
    • पटना में महिला हाट की स्थापना। अन्य शहरों के वेंडिंग जोन में महिलाओं के लिए जगह का आवंटन।
    • प्रायोगिक तौर पर पटना में चलंत व्यायामशाला की शुरुआत।
    • सभी शहरों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट।
    • सभी जिलों में आधुनिक बस स्टॉप।
    • बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2025 बनेगी।
    • वैकस्पिक इंधन को बढ़ावा देने के लिए बिहार बायोफ्यूल्स उत्पादन प्रोत्साहन नीति-2025 की घोषणा।
    • किसानों की आय बढ़ाने के लिए बिहार खाद्य प्रस्संकरण नीति 2025 की घोषणा।
    • दवा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बिहार फर्मास्यूटिकल्स प्रोमोशन पॉलिसी 2025 की घोषणा।
    • बिहार प्लास्टिक विनिर्माण प्रोत्साहन नीति 2025 की घोषणा।
    • उद्यमिता विकास संस्थान को सेंटर आफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा।
    • प्रमुख शहरों में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास।
    • गुड़ के लिए पूसा में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना।
    • देश के प्रमुख शहरों में प्रवासी परामर्श सह निबंधन केंद्र।
    • 358 के प्रखंडों में अंगीभूत-राजकीय डिग्री कॉलेज।
    • एक से 10 तक के सामान्य छात्रों की छात्रवृति राशि दोगुनी। इसमें अल्पसंख्यक छात्र-छात्रा भी शामिल।
    • निजी क्षेत्र के सहयोग से नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना।
    • निजी जन भागीदारी के आधार पर नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना।
    • सभी बड़े अनुमंडलों में अतिरिक्त रेफरल अस्पताल।
    • लोक स्वास्थ्य प्रबंधन संवर्ब का गठन।
    • स्लम क्षेत्रों में चिकित्सा केंद्रों की स्थापना।
    • बिहार कैंसर सोसाइटी की स्थापना।
    • बेगूसराय में कैंसर अस्पताल की स्थापना।
    • पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों की छात्रवृति राशि दोगुनी। इस पर 875 करोड़ का व्यय।
    • अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्र छात्राओं की छात्रवृति राशि अब दोगुनी।
    • अजा-अजजा छात्रावास अनुदान योजना की राशि एक हजार की जगह दो हजार मासिक।
    • सभी प्रमंडलों में राष्ट्रीय मानकों के अनुसार खेल अवसंरचना का निर्माण।
    • प्रत्येक प्रखंड में एक आउटडोर स्टेडियम।
    • स्टेट डाटा सेंटर की क्षमता बढ़ेगी।
    • सभी प्रमुख शहरों में पिंक बस का संचालन।
    • राज्य पथ परिवहन निगम के मेन्टेनेंस विभाग में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण।
    • चालक एवं कंडक्टर के रूप में महिलाओं को प्रशिक्षण।
    • महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ई-रिक्शा की खरीद पर अनुदान।
    • प्रमुख शहरों में महिला वाहन परिचालन प्रशिक्षण केंद्र।
    • नहर के किनारे बांध की खाली जगहों पर सोलर पावर प्लांट।
    • ग्रीन डेवलपमेंट फंड की घोषणा।
    • सौ करोड़ की लागत से बिहार क्लीन एयर ट्रांसफॉर्मेशन।
    • धार्मिक पर्यटन योजना की शुरुआत।
    • महिलाओं को पर्यटन गाइड के रूप में प्रशिक्षण।
    • पूर्णिया हवाई अड्डे पर जल्द परिचालन।
    • राजगीर, सुल्तानगंज, एवं रक्सौल में हवाई अड्डे का विकास।
    • भागलपुर, वाल्मीकिनगर, वीरपुर, मधुबनी, मुंगेर एवं सहरसा में छोटे हवाई जहाज के उड़ने की सुविधा।
    • देश के प्रमुख शहरों में बिहार एकीकृत केंद्र की स्थापना।
    • महिला सिपाहियों के आवासन की सुविधा के लिए किराए पर मकान।
    • मल्टी हैजार्ड अर्ली वॉर्निंग सिस्टम।
    • जमीन का निबंधन पेपरलेस।
    • नदियों पर पुल-पुलियों की संख्या बढ़ेगी।
    • किसी भी हिस्से से चार घंटा में पटना पहुंचने की व्यवस्था।

    सदन में प्रदर्शन

    विधानसभा में सोमवार को दूसरी पाली में राज्य सरकार ने अपना बजट पेश किया। इसके पहले, पहली पाली में विपक्ष के विभिन्न सदस्यों ने अलग-अलग मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।

    पेंशन बढ़ाने की मांग

    प्रदर्शन करने वाले राजद सदस्यों की मांग थी कि राज्य सरकार विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को प्रतिमाह 400 से बढ़कर 1500 रुपये करे। वहीं, वामपंथी सदस्यों ने बनारस में सासाराम की बेटी से हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।

    इस दौरान प्रदर्शन कर रहे सदस्यों ने नीतीश सरकार से मौन तोड़ने की अपील की। जमुई में भी हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध में प्रदर्शन करने वाले नेताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए।

    परिवार के लिए है तेजस्वी की मां-बहिन योजना: ठाकुर

    बिहार विधानसभा में चल रहे बजट सत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरिभूषण ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह चुनावी बजट नहीं है। 20 साल से ये सरकार बजट पेश कर रही है।

    भाजपा के ही स्व. सुशील कुमार मोदी, तारकिशोर प्रसाद बजट पेश कर चुके हैं और आज सबके नेता सम्राट चौधरी बजट पेश करने वाले हैं। यह बजट 13 करोड़ जनता के हित को ध्यान में रखकर उनके कल्याण के लिए बनाया गया है। इसमें गांव है, गरीब है, महिला है, किसान है, युवा है, बुजुर्ग हैं। सबकी खुशहाली के लिए यह बजट बना है।

    योजनाओं को लेकर तेजस्वी यादव की ओर से सवाल खड़े किए जाने को लेकर ठाकुर ने कहा कि मां-बहिन योजना से उनका मतलब है कि उनकी मां सदन में नेता हैं।

    बहन उनकी संसद में हैं। दो भाई एमएलए हैं। मां-बहिन योजना उनकी अपने परिवार को तुष्ट करने की योजना है। बिहार की जनता जानती है कि हमारा हित किसमें है और दुश्मन कौन है। इसी हिसाब से 2025 में निर्णय भी करेगी।

    सम्राट चौधरी ने की पूजा

    बिहार के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य बजट 2025-26 पेश होने से पहले पूजा-अर्चना की। उन्होंने बजट की पहली प्रति अपने घर के मंदिर में रखी।

    ये भी पढ़ें- Bihar Budget: फोरलेन का बिछेगा जाल, पटना से कनेक्ट होंगे सभी जिले; सिर्फ 4 घंटे का होगा ट्रैवल टाइम

    ये भी पढ़ें- Bihar Budget: जल्द लागू होगी नई पॉलिसी, बेगूसराय में खुलेगा कैंसर अस्पताल; सभी बड़े शहरों में होने जा रहा यह काम