Muzaffarpur Murder: छत से पानी गिरने का विवाद, वार्ड मेंबर की पत्नी और बेटे को गोलियों से भूना; इलाके में दहशत
मुजफ्फरपुर के पताही हरि इलाके में बुधवार शाम को एक दर्दनाक घटना घटी। वार्ड सदस्य मदन साह की पत्नी जानकी देवी (45) और उनके बेटे रोहित कुमार (25) की घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के पताही हरि इलाके में बुधवार की देर शाम घर के दरवाजे पर वार्ड सदस्य मदन साह की पत्नी जानकी देवी (45) व उनके बेटे रोहित कुमार (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपितों द्वारा करीब आधे दर्जन से अधिक राउंड गोलीबारी की गई। गोलियों की आवाज सुनने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। तब तक आरोपित भाग निकले।
सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी विक्रम सिहाग, नगर डीएसपी टू व सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। छानबीन में पुलिस ने मौके से पांच खोखा जब्त किया है। आरोपित घर छोड़कर सपरिवार फरार हो गए हैं।
बताया गया कि मदन साह के घर से सटे एक पट्टेदार से घर के छत से पानी गिरने को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर दो दिनों से विवाद चल रहा था। शाम सात बजे रोहित बाइक से किसी काम से घर से निकल रहा था। इसी क्रम में आरोपित आया और ताबड़तोड़ गोली चलाने लगा। पहले रोहित को गोली मारी। बेटे को गोली मारते देख बचाने के लिए रोहित की मां घर से दरवाजे पर निकली तो आरोपित ने उनको भी गोली मार दी।
गोली लगने के बाद दोनों वहीं पर गिर गए। परिवार के अन्य सदस्यों को घर से निकलते देख उनको भी निशाना बनाते हुए गोलीबारी की गई। यह देख सभी घर में ही रह गए। गोलियों की आवाज सुनने के बाद पड़ोस के लोगों को आते देख बदमाश हथियार लहराते व फायरिंग करते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों द्वारा घायल मां-बेटे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छानबीन में पुलिस को पता चला कि आरोपित के घर के सामने सार्वजनिक कुआं है। कुआं से पानी लेने को लेकर इनके बीच विवाद होता था। इसके अलावा छत से नल का पानी गिरने को लेकर प्राय: विवाद हो रहा था। इसी में घटना को अंजाम दिया गया। वार्ड सदस्य मदन साह कारोबार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए है। पुलिस का कहना है कि स्वजन द्वारा पट्टेदारी के चाचा-भतीजा पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। हालांकि आवेदन नहीं दिया गया है। इसलिए आरोपितों के नाम उजागर नहीं किया गया है।
गोलियां की तड़तड़ाहट से पताही हरि का इलाका थर्राया:
शाम के वक्त लोग आसपास के कई लोग घर के दरवाजे पर बैठे थे। आसपास में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच अचानक एक के बाद एक कर कई राउंड गोली चली। कुछ देर के लिए लोगों को लगा कि पटाखा छूट रहा है। चंद मिनट में हल्ला होने लगा कि गोली चल रही है। इसके बाद पूरा इलाका गोलियां की तड़तड़ाहट से थर्रा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों द्वारा मामूली विवाद में गोलीबारी की घटना पर आश्चर्य जताया जा रहा था।
पड़ोस के दो लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी में एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई। इसमें महिला व उनके बेटे को गोली लग गई। दोनों की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के साथ एफएसएल की टीम जांच की है। पांच खोखा जब्त किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
- विक्रम सिहाग, सिटी एसपी
ये भी पढ़ें- 'मुंह तक नहीं देखेंगे', CM नीतीश कुमार के MLA ने पुलिस की 'सेटिंग' पर उठाए सवाल, SP ने दी सफाई
ये भी पढ़ें- ट्रेन के जनरल टिकट से टेंपरिंग: मुजफ्फरपुर में रैकेट का भंडाफोड़, बड़े-बड़े शहरों तक फैला था जाल, 4 ठग गिरफ्तार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।