Bihar: प्रेमी ने दूसरी लड़की से रचाई शादी, बेटे की किडनैपिंग के झूठे केस में उसे फंसाया
प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने के बाद एक महिला ने अपने ही बेटे के अपहरण का नाटक रच डाला। उसने अपने प्रेमी और उसके भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि महिला ने अपने बेटे को अपनी बहन के घर पर छिपा रखा था। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया।

संवाद सहयोगी, मनियारी। दूसरी लड़की से शादी रचाने के बाद प्रेमी से बदला लेने के लिए महिला ने अपने ही पुत्र के अपहरण का झूठा नाटक किया। प्रेमी समेत दो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद पुलिस ने बच्चे को उसकी मौसी के घर से सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही महिला को गिरफ्तार करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
पूरा मामला मनियारी थाना क्षेत्र के जम्हरुआ गांव का है। बताया जाता है कि जम्हरुआ गांव की रेणु देवी (28 वर्ष) का वैशाली जिले के इब्राहिमपुर निवासी कौशल कुमार (32) के साथ प्रेम संबंध था। उसके प्रेमी ने पहले महिला से शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में किसी अन्य लड़की के साथ शादी रचा ली।
प्रेमी को फंसाने की रच डाली साजिश
यह बात उसकी प्रेमिका को नागवार गुजरी और आक्रोश में उसने प्रेमी को फंसाने की साजिश रच डाली। साजिश के तहत महिला ने मनियारी थाने में अपने प्रेमी कौशल और उसके एक भाई अभिषेक कुमार को नामजद करते हुए विगत 19 जनवरी को अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा दी।
उसने आरोप लगाया कि कौशल ने उससे कुछ पैसे लिए थे। मांगने पर उसके सात साल के पुत्र को उठा लेने की धमकी देता था। उन्हीं लोगों ने उसके बच्चे का अपहरण कर लिया है। उसका पुत्र 10 जनवरी से गायब है।
पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए एसडीपीओ पश्चिम- 2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया है कि बच्चे को उसकी मौसी के घर से बरामद किया गया। वहीं, पुलिस को गुमराह करने और झूठा केस दर्ज करवाने के आरोप में महिला के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल महिला को हिरासत में ले लिया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने जब खोजबीन शुरू की तो आरोपित युवक के मोबाइल की लोकेशन पिछले तीन महीने से बेंगलुरु में दिख रही थी। इसके बाद पुलिस ने अलग तरीके से मामले की छानबीन शुरू की। इसमें पता चला कि महिला ने बच्चे को वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में अपनी बहन के घर पर छिपाकर रखा है। इसके बाद एक टीम गठित कर रविवार की रात बेलसर में छापेमारी की गई और बच्चे को उसकी मौसी के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया।
कब से चल रहा था प्रेम संबंध?
बताया जाता है कि रेणु देवी का कौशल कुमार से मार्च 2023 से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों अक्सर एक-दूसरे से चोरी-छिपे मिलते थे। इस बीच छह महीना पहले कौशल ने दूसरी लड़की से शादी कर ली।
बताया गया कि रेणु देवी की कौशल से मुलाकात उसके गांव में ही हुई थी। उसका प्रेमी गांव में किसी रिश्तेदार के यहां आता था, इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी।
महिला का पति गांव में ही मजदूरी करता है और उसके पांच बच्चे हैं। उसका प्रेमी कौशल कुमार बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करता है।
ये भी पढ़ें- Patna News: पटना के मसौढ़ी में 22 साल के युवक की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, शव को पानी भरे आहर में फेंका
ये भी पढ़ें- Bihar Politics: रामविलास पासवान की पत्नी के आवेदन पर FIR दर्ज; देवरानी पर घर से बाहर निकालने का लगाया आरोप
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।