Bihar Police Transfer: मुजफ्फरपुर में SSP का एक्शन, थानाध्यक्ष समेत 1 दर्जन पुलिस अधिकारियों का तबादला
मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए थानाध्यक्षों सहित 12 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। मिठनपुरा थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद को मोतीपुर भेजा गया है जबकि ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया को सरैया का प्रभार दिया गया है। यह कार्रवाई मिठनपुरा में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं के मद्देनजर की गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। विधि व्यवस्था को दुरुस्त करने व अपराध नियंत्रण के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने थानाध्यक्ष समेत एक दर्जन पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इन सभी पदाधिकारियों को 24 घंटे के अंदर अपने नव पदस्थापन स्थल पर योगदान कर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा है।
जारी आदेश के तहत मिठनपुरा थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद को यहां से हटाकर अंचल पुलिस इंस्पेक्टर मोतीपुर बनाया गया है। थानाध्यक्ष ब्रह्मपुरा सुभाष मुखिया को सरैया थानाध्यक्ष। डीआईयू के इंस्पेक्टर जनमेजय राय को मिठनपुरा थानाध्यक्ष का कमान दिया गया है।
काजीमोहम्मदपुर थाने से दारोगा साकेत सार्दुल को बेनीबाद थानाध्यक्ष। नगर थाने से दारोगा विक्की कुमार को हथौड़ी थानाध्यक्ष। कांटी थाने से दारोगा अभिषेक मिश्रा को बरुराज थानाध्यक्ष। काजीमोहम्मदपुर थाने से महिला दारोगा विजया लक्ष्मी को ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस केंद्र से दारोगा बीरबल कुशवाहा को अपर थानाध्यक्ष काजीमोहम्मदपुर बनाया गया है। ब्रह्मपुरा थाने से दारोगा पप्पू कुमार को सिकंदरपुर में अपर थानाध्यक्ष। बेनीबाद थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, बरूराज थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे और थानाध्यक्ष हथौड़ी मो. आलम को पुलिस केंद्र भेजा गया हैं।
मिठनपुरा में लगातार हो रही थी गोलीबारी:
मिठनपुरा थाना क्षेत्र में लगातार गोलीबारी की घटनाएं हो रही थी। एक पखवारे के भीतर इलाके में तीन गोलीबारी की घटनाएं हुई थी। इसमें पिछले सप्ताह जिला स्कूल गेट के समीप जमीन कारोबारी जावेद व राजू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इसके पूर्व प्लाईवुड कारोबारी को गाेली मारकर घायल कर दिया गया था। इसके अलावा, रामबाग में अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के जिलाध्यक्ष व जदयू नेता के घर पर फायरिंग की गई थी।
बालू माफिया से साठगांठ में बीरबल कुशवाहा को किया गया था निलंबित:
बालू माफिया से साठगांठ के आरोप में पिछले महीने करजा के तत्कालीन थानाध्यक्ष बीरबल कुशवाहा को निलंबित किया गया था। इसके बाद करीब एक महीने वह पुलिस केंद्र में रहे। फिर उन्हें काजीमोहम्मदपुर थाने में अपर थानाध्यक्ष के रूप में तैनात किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।