Bihar Crime: मुजफ्फरपुर कलेक्ट्रेट में चोरी की कोशिश, खून के धब्बे भी मिले; जांच में जुटी पुलिस
कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण एवं सुरक्षित स्थल में शुक्रवार रात चोरी का प्रयास किया गया। जिला सामान्य प्रशाखा की प्रभारी प्रीति सिंह के चैंबर में चोरी क ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर,जागरण संवाददाता। कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण एवं सुरक्षित स्थल में शुक्रवार रात चोरी का प्रयास किया गया। जिला सामान्य प्रशाखा की प्रभारी प्रीति सिंह के चैंबर में चोरी का प्रयास किया गया। यह चैंबर डीएम कक्ष के पास में ही है। सुबह चैंबर खुलने के बाद कक्ष में सामान बिखरा था। एसी के तार एवं पाइप टूटे थे। कई जगहों पर खून के छींटे भी थे।
चैंबर की यह स्थिति देख तत्काल नगर थान को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने यहां का जायजा लिया। जांच में यह बात सामने आई कि छत की ओर से संदिग्ध ने चैंबर में प्रवेश किया था। मामले में सामान्य प्रशाखा प्रभारी ने नगर थाना में प्राथिमकी दर्ज कराई है। विदित हो कि सामान्य प्रशाखा समाहरणालय की महत्पूर्ण प्रशाखा है। यहां आर्म्स लाइसेंस से लेकर देश की सुरक्षा से जुड़े कागजात की फाइल रहती है।
नगर थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कहा कि चैंबर से किसी चीज की चोरी नहीं हुई है। इसका महज प्रयास किया गया था। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। माना जा रहा कि छत से चैंबर में आने के दौरान संदिग्ध के किसी अंग में चोट लग गई या वह कटा होगा। इस कारण चैंबर में खून के धब्बे बिखरे थे।
यह भी कहा जा रहा कि एसी की चोरी की नीयत से संदिग्ध चैंबर में आया था, मगर इसे पुख्ता नहीं माना जा सकता। यह इसलिए कि एसी के मुख्य पार्ट छत पर हैं। ऐसे में संदिग्ध चैंबर में क्यों आता। चोट लगने के कारण वह कुछ चोरी नहीं कर सका। इसके बाद वह चैंबर भाग निकला। सभागार के एसी की चोरी हुई थी समाहरणालय में देर रात चोरी के इस प्रयास से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गया है। इससे पहले भी सभागार के एसी के पार्ट की चोरी कर ली गई थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।