Madhepura News: गुटखा खरीदने पर बवाल, 15 पहुंचे अस्पताल और 24 गिरफ्तार; 4 घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा इलाका
मधेपुरा में गुटखा खरीदने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 15 लोग घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की जीप पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के 24 लोगों को गिरफ्तार किया है।

संवाद सूत्र, चौसा (मधेपुरा)। चौसा थाना क्षेत्र के अभिया टोला बजरंबली चौक पर शुक्रवार की सुबह 7.45 बजे गुटखा खरीदने को लेकर हुए विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया।
इस दौरान हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें 15 लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने मौके पर पहुंची चौसा पुलिस पर भी हमला किया, जिसमें पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई।
लगभग चार घंटे तक बजरंगबली चौक रणक्षेत्र में तब्दील रहा। उपद्रवियों ने एक दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडा बरसाए, जिसमें एक पक्ष से 4 और दूसरे पक्ष से 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का चौसा सीएचसी में इलाज कराया गया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
इधर, घटना के बाद एसपी संदीप सिंह, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ शेख जियाउल हसन, एएसपी प्रवेंद्र भारती, मुख्यालय डीएसपी मनोज मोहन, यातायात डीएसपी चेतनानंद झा समेत 11 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
जिला मुख्यालय से बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) के जवानों को भी बुलाया गया। दोनों पक्षों से कुल 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो आदि की जांच कर उपद्रवियों के विरुद्ध कार्रवाई में जुटी है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि किसी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।
दुकानदार को पीटे जाने के बाद भड़का आक्रोश
गुटखा का रुपये मांगे जाने पर दुकानदार की पिटाई करने से लोगों का आक्रोश भड़क उठा। इसी बीच गोलबंद होकर पहुंचे दूसरे पक्ष को देख आसपास के भी लोग इकट्ठा हो गए।
सड़क पर जाम लगा प्रदर्शन करते लोग।
देखते ही देखते एक ओर के लोग धारदार हथियार से लैस होकर दूसरे पक्ष के लोगों पर टूट पड़े। इसमें कई लोग लहुलुहान हो गए। दूसरे पक्ष के आक्रोशित लोगों ने अभिया टोला मंदिर के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
दोनों पक्षों के साथ प्रशासन ने की बैठक
घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज एसडीएम एसजेड हसन और इसके बाद एसपी समेत तमाम पुलिस पदाधिकारी पहुंचे। गांव में ही दोनों पक्षों के साथ अलग-अलग बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
घटनास्थल पर पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते एसपी। (जागरण फोटो)
प्रशासन ने सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम ने डबरू टोला और अभिया टोला में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है।
इसे सांप्रदायिक तनाव नहीं कहा जा सकता है। शिक्षा के अभाव में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। जानकारी मिलते ही मैं स्वयं घटनास्थल पर अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चिह्नित किए गए 10-15 और उपद्रवियो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। -संदीप सिंह, एसपी मधेपुरा।
यह भी पढ़ें-
रोहतास में 2.5 करोड़ रुपये कीमत के iPhone, घड़ी और ईयरबड्स के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।