Bihar Politics: यहां कमल खिलाने में BJP को लग गए 40 साल, श्रेयसी सिंह ने किया था बड़ा उलटफेर
जमुई विधानसभा सीट बिहार की एक महत्वपूर्ण सीट है। 2020 में भाजपा ने यहाँ पहली बार जीत हासिल की। इससे पहले यह सीट समाजवादियों और कांग्रेसियों का गढ़ मानी जाती थी। 1952 में दुर्गा मंडल इस क्षेत्र से पहले विधायक बने थे। 2020 में श्रेयसी सिंह ने भाजपा की टिकट से 41000 से अधिक मतों से जीत हासिल की और वर्तमान में विधायक हैं।

डॉ. विभूति भूषण, जमुई। बिहार की जमुई विधानसभा जिले की हॉट सीट के रूप में जानी जाती है। समाजवादियों और कांग्रेसियों का गढ़ कहे जाने वाले क्षेत्र में 2020, यानी भाजपा के गठन के 40 साल के बाद पहली बार कमल खिलने में कामयाब हुआ। अब बात इस क्षेत्र के पिछले चुनावी इतिहास की करें तो 1995 में पहली बार इस सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में वीरेंद्र सिंह ने चुनाव लड़ा और उन्हें महज पांच हजार वोट से ही संतोष करना पड़ा।
इसके बाद गठबंधन का दौर शुरू होने पर यह सीट जदयू के खाते में चली गई। फिर यहां से नरेंद्र सिंह ने जदयू प्रत्याशी के तौर पर 6379 वोट से जीत दर्ज की। काफी मशक्कत के बाद 2015 में यह सीट भाजपा के खाते में आई और पार्टी ने निवर्तमान विधायक अजय प्रताप पर भरोसा जताया, लेकिन पार्टी द्वारा दूसरी बार किया गया यह प्रयोग असफल हुआ और अजय प्रताप को हार का सामना करना पड़ा।
2020 के चुनाव में बाजी आखिर भाजपा के हाथ आ ही गई और पहली बार इस विधानसभा क्षेत्र से श्रेयसी सिंह ने भाजपा विधायक के तौर पर जीत हासिल की। अब देखने वाली बात यह होगी कि इतने लंबे अरसे और इतने कठिन प्रयास के बाद खिला कमल यहां खिलकर बड़ा होता है या इसकी चमक कम होती चली जाती है, यह तो इस चुनाव में ही पता चल पाएगा।
1952 में दुर्गा मंडल बने प्रथम विधायक
1952 से ही इस विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जाते रहे हैं। त्रिपुरारी सिंह और सुशील कुमार सिंह को छोड़कर हर बार के चुनाव में यहां सत्ता की धुरी अलग-अलग नेताओं के साथ घूमती रही है। दुर्गा मंडल इस विधानसभा क्षेत्र से 1952 में हुए प्रथम चुनाव में कांग्रेस पार्टी से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। इसके बाद हरी प्रसाद शर्मा और गुरु रामदास भी कांग्रेस पार्टी से विधायक बने।
त्रिपुरारी प्रसाद सिंह ने चार बार इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद नरदेव प्रसाद भगत ने विधायक के रूप में जीत दर्ज की। सुशील कुमार सिंह उर्फ हीरा जी ने भी विधायक के तौर पर तीन बार प्रतिनिधित्व किया। इसी विधानसभा क्षेत्र से अर्जुन मंडल, नरेंद्र सिंह, उनके मंझले पुत्र अभय सिंह, बड़े पुत्र अजय प्रताप और विजय प्रकाश ने भी जीत हासिल की।
त्रिपुरारी सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष पद को किया सुशोभित
इस विधानसभा क्षेत्र से त्रिपुरारी सिंह 1967 से लेकर 1977 तक चार बार प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। उन्होंने अलग-अलग विभागों के मंत्री के अलावा विधानसभा अध्यक्ष के पद को सुशोभित करते करने का काम किया। नरदेव प्रसाद भगत ने 1980 में इस विधानसभा क्षेत्र से पहले निर्दलीय विधायक के तौर पर जीत हासिल की।
सुशील कुमार सिंह उर्फ हीरा जी ने पहली बार 1985 में कांग्रेस की टिकट से विधायक के तौर पर जीत दर्ज की। 1990 में जनता दल की लहर में भी सुशील कुमार सिंह कांग्रेस के टिकट से दोबारा विधायक बनने में कामयाब हुए। 1995 में अर्जुन मंडल ने जनता दल की टिकट से जीत दर्ज कर बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री के पद को सुशोभित किया।
वर्ष 2000 में नरेंद्र सिंह, 2000 के मई में हुए उप चुनाव में सुशील कुमार सिंह, 2005 में अभय सिंह, 2010 में अजय प्रताप और 2015 में विजय प्रकाश ने विधायक के तौर पर यहां से जीत दर्ज की। 2020 में इस सीट से पूर्व रेल राज्य मंत्री स्व. दिग्विजय सिंह की छोटी पुत्री श्रेयसी सिंह ने भाजपा की टिकट से 41,000 से अधिक मतों से जीत हासिल कर फिलहाल प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
वर्ष 1952 से लेकर 2020 तक के बीच निर्वाचित प्रत्याशी और दल
वर्ष | निर्वाचित प्रत्याशी | दल |
---|---|---|
1952 | दुर्गा मंडल | कांग्रेस |
1957 | हरिप्रसाद शर्मा | कांग्रेस |
1962 | गुरु रामदास | कांग्रेस |
1967 | त्रिपुरारी सिंह | प्रजा सोशलिस्ट पार्टी |
1969 | त्रिपुरारी सिंह | प्रजा सोशलिस्ट पार्टी |
1972 | त्रिपुरारी सिंह | प्रजा सोशलिस्ट पार्टी |
1977 | त्रिपुरारी सिंह | प्रजा सोशलिस्ट पार्टी |
1980 | नरदेव प्रसाद भगत | निर्दलीय |
1985 | सुशील कुमार सिंह | कांग्रेस |
1990 | सुशील कुमार सिंह | कांग्रेस |
1995 | अर्जुन मंडल | जनता दल |
2000 | नरेंद्र सिंह | जदयू |
2000 (उपचुनाव) | सुशील कुमार सिंह | जदयू |
2005 (फरवरी) | विजय प्रकाश | राजद |
2005 (नवंबर) | अभय सिंह | जेडीयू |
2010 | अजय प्रताप | जेडीयू |
2015 | विजय प्रकाश | राजद |
2020 | श्रेयसी सिंह | भाजपा |
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: इस विधानसभा सीट पर जीत किसी की भी हो, राजनीतिक धुरी हमेशा कांग्रेस ही रही
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।