Bihar Election 2025: जहानाबाद में बिछने लगी चुनावी बिसात, गोटियां फिट करने में जुटे दावेदार
जहानाबाद में 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राहुल कुमार चुन्नु शर्मा और अभिराम शर्मा समेत कई नेता अपनी चुनावी गोटियां बिछाने में लगे हैं। जहानाबाद घोसी और मखदुमपुर सीटों पर दावेदारी है। वर्तमान में जहानाबाद सीट पर राजद और घोसी सीट पर भाकपा माले का कब्जा है। सभी पार्टियां समीकरण देखकर उम्मीदवार उतारेगी।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जहानाबाद जिले से कई नए और पुराने चेहरे अभी से ही अपनी चुनावी गोटियां फिट करने में जुट गए हैं, जिसमें राहुल कुमार, चुन्नु शर्मा, अभिराम शर्मा, राजू शर्मा, निरंजन केशव उर्फ प्रिंस, सत्येंद्र सिंह, इंदु कश्यप, मुनीलाल यादव प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनमें मुनीलाल को छोड़कर सभी एनडीए गठबंधन के नेता हैं।
जहानाबाद जिला अंतर्गत तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। जहानाबाद, घोसी व मखदुमपुर। मखदुमपुर आरक्षित सीट है। सर्वाधिक मगजमारी व दावेदारी जहानाबाद व घोसी विधानसभा सीट के लिए है। मखदुमपुर विस के पलैया निवासी चुन्नु शर्मा हम पार्टी के नेता हैं, जो पार्टी के एक बड़े नेता के करीबी बताए जाते हैं।
घोसी विस के अभिराम शर्मा जहानाबाद विस से 2010 में जदयू से विधायक रह चुके हैं। घोसी विस के कोर्रा गांव निवासी राहुल कुमार जहानाबाद के पूर्व सांसद नामचीन डॉ. जगदीश शर्मा के पुत्र हैं, जो घोसी विधानसभा से वर्ष 2010 में जदयू विधायक रह चुके हैं।
नालंदा जिला निवासी निरंजन केशव उर्फ प्रिंस की गिनती जिले के बड़े ठेकेदार के रूप में भी होती है। ये जदयू नेता हैं और जदयू के एक बड़े नेता के करीबी बताए जाते हैं। घोसी विस के गिंजी निवासी राजू शर्मा की पहचान पूर्व में जिले के बड़े बालू कारोबारी के रूप में रही है। ये जदयू जहानाबाद के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
वर्तमान में जदयू के प्रदेश महासचिव भी हैं। घोसी विस के वीरा गांव निवासी सत्येंद्र सिंह की पहचान भी बड़े बालू कारोबारी के रूप में रही है। ये लोजपा रामविलास पार्टी से जुड़े हैं। इंदु कश्यप जहानाबाद से लोजपा रामविलास की सीट पर वर्ष 2020 में चुनाव लड़ चुकी हैं।
मुनीलाल यादव जहानाबाद विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। ये सभी नेता सधे ढंग से शीर्ष पदों पर काबिज नेताओं से मिलकर अपनी-अपनी चुनावी गोटियां फिट करने में जुटे हैं। जिससे टिकट मिल जाए। हालांकि, सभी पार्टियां समीकरण को देखते हुए ही प्रत्याशी मैदान में उतारेगी।
वर्तमान में जहानाबाद से राजद व घोसी सीट पर भाकपा माले का कब्जा
जहानाबाद से वर्तमान विधायक राजद के सुदय यादव हैं। सुदय यादव दूसरी पारी खेल रहे हैं। तीसरी की तैयारी में है। घोसी से वर्तमान विधायक भाकपा माले के रामबली यादव हैं, जो पहली पारी खेल रहे हैं। राहुल को हराकर रामबली यादव विधानसभा पहुंचे हैं।
मखदुमपुर से वर्तमान विधायक राजद के सतीश कुमार हैं, ये भी पहली बार निर्वाचित हुए हैं। जहानाबाद विधानसभा सीट पर 1952 में सोशलिस्ट पार्टी के शिवभजन सिंह पहली बार विधायक बने थे।
1967 में कांग्रेस से महावीर चौधरी,1977 में जनता पार्टी से रामचंद्र यादव, 1980 में कांग्रेस से तारा गुप्ता,1985 में कांग्रेस से सैयद असगर हुसैन,1990 में निर्दलीय हरिलाल यादव,1995 में जनता दल से मुंद्रिका सिंह यादव, 2000 में राजद से मुनीलाल यादव, 2005 में राजद से सचिदानंद यादव, 2010 में जदयू से अभिराम शर्मा, 2015 में राजद से मुंद्रिका सिंह यादव,2018 के उपचुनाव में सुदय यादव तथा 2020 में राजद से फिर सुदय यादव जहानाबाद के विधायक बने।
घोसी विधानसभा में वर्ष 1977 से 2008 तक डॉ. जगदीश शर्मा विधायक चुने जाते रहे। वर्ष 2009 में जहानाबाद के सांसद निर्वाचित हुए। तब इस सीट से वर्ष 2009 के उपचुनाव में घोसी विधानसभा से उनकी पत्नी शांति देवी निर्दलीय विधायक चुनी गई। वर्ष 2010 में पुत्र राहुल कुमार जदयू से विधायक बने।
वर्ष 2015 में कृष्णनंदन वर्मा ने राहुल को मात देकर जगदीश शर्मा की पारंपरिक सीट पर कब्जा जमा लिया, वे मंत्री भी बनाए गए। वर्ष 2020 में कृष्णनंदन वर्मा से यह सीट रामबली यादव ने छीन ली, जो वर्तमान विधायक हैं। घोसी विधानसभा से 1952 में रामचंद्र यादव पहले निर्दलीय विधायक चुने गए थे।
1962 में कांग्रेस से मिथिलेश्वर प्रसाद सिंह, 1967 में भाकपा से रामाश्रय प्रसाद यादव, 1969 में कांग्रेस से कौशलेंद्र प्रसाद सिंह व 1972 में भाकपा से रामाश्रय प्रसाद यादव विधायक चुने गए थे। इसके बाद लगातार आठ बार डा जगदीश शर्मा विधायक चुने जाते रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।