Arwal News: कुत्ते ने किया मुर्गे का शिकार तो बिहार में भिड़ गए दो परिवार, मालिक निकला कोई तीसरा
बिहार के अरवल से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया जहां कुत्ते द्वारा मुर्गे का शिकार करने पर दो परिवार आपस में भिड़ गए। इसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई तो वहीं दर्जनों लोग घायल हो गए। हैरानी की बात ये है कि कुत्ते को लेकर विवाद करने वाले ये दोनों परिवार उसके मालिक नहीं है। कुत्ते का मालिक गांव का कोई तीसरा शख्स है।

संस, कलेर (अरवल)। मेहंदिया थाना क्षेत्र के राजखरसा गांव में गुरुवार को एक पालतू कुत्ते ने पड़ोसी के मुर्गे का शिकार कर दिया, जिस पर कुत्ते और मुर्गे के मालिकों के परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया।
यही नहीं बातों से शुरू हुए विवाद में जमकर मारपीट भी हुई, जिसकी वजह से दोनों पक्षों के लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से एक वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल के बाहर पुलिस और घायलों के परिजन
मुर्गे के शिकार से शुरू हुआ विवाद
कुत्ते के मुर्गे का शिकार करने पर शुरू हुए विवाद में वृद्ध की जान चली गई। मृतक की पहचान राजखरसा गांव निवासी 80 वर्षीय रामलायक राजवंशी के रूप में हुई है। घायलों में दोनों पक्ष के अक्षय कुमार, मुकेश राजवंशी, अमरेश राजवंशी, रामेश्वर राजवंशी, जुगल राजवंशी, महेश राजवंशी, गिरधर यादव सहित अन्य लोग शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित राजखसरा निवासी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
कुत्ते का मालिक कोई और
मेहंदिया थाना अध्यक्ष राहुल अभिषेक ने बताया कि मृतक के स्वजन के बयान पर प्राथमिकी की जा रही है। शीघ्र ही अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। बड़ी बात यह कि जिस कुत्ते की वजह से झगड़ा हुआ, वह मारपीट करने वाले दोनों पक्ष में किसी का नहीं था। वह गांव के तीसरे व्यक्ति का पालतू था।
बताया गया कि आरोपित संजय यादव अपने गांव के ही अखिलेश शर्मा के घर में मजदूरी करता है। काम के बाद जब वह घर लौट रहा था तो अखिलेश शर्मा का पालतू कुत्ता उनके पीछे चला आया, वहां उसकी नजर संजय के पड़ोसी रामलायक राजवंशी के मुर्गे पर पड़ी तो उसे हमला करके मार डाला और अपना निवाला बना लिया। इसी बात पर दोनों पड़ोसियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, देखते-देखते मारपीट होने लगी।
आरोपित के परिवार ने 23 वर्ष पहले मृतक के भाई का भी किया मर्डर
मृतक की पुत्री प्रमिला देवी, सुनीता देवी, पानपति देवी ने बताया कि वर्ष 2001 में चाचा अधूरा राजवंशी को भी आरोपित के परिवारवालों ने जमीन संबंधी विवाद में मार डाला था। वह मृतक रामलायक के भाई थे, जिसमें केस भी दर्ज हुआ था।
इस मामले को लेकर पहले से आरोपित के परिवार से तनातनी थी। गुरुवार को संजय ने कुत्ते को ललकार कर मुर्गे का शिकार करा दिया, इसका विरोध किया तो पिटाई कर पिता को मार डाला।
ये भी पढ़ें
BPSC प्रधान शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, 9 से 13 तारीख के बीच जरूर निपटा लें ये काम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।