Gopalganj News: बिल्ली काटी या सांप डसा? इसी संदेह में चली गई महिला की जान
गोपालगंज के मगलही गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह पशुओं को चारा डालते समय महिला को किसी जीव ने काटा पर अंधेरे में उसे लगा कि बिल्ली ने काटा है। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने झाड़-फूंक भी करवाई लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।

संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज)। श्रीपुर थाना क्षेत्र के मगलही गांव में सांप और बिल्ली के काटने को लेकर उत्पन्न संदेह के कारण एक महिला की जान चली गई। स्वजन समय से महिला को अस्पताल नहीं ले जा पाए। मृतका श्रीपुर थाना क्षेत्र के मगहां टोला मगलही गांव की विदेशी चौहान की 50 वर्षीय पत्नी सिंगारो देवी बताई जाती है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह सिंगारो देवी अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो रही थी। बुधवार तड़के करीब चार बजे महिला उठकर अपने पशुओं को चारा डालने के लिए जुगाड़ में लगी हुई थी। इस दौरान बगल में रखे पके हुए कटहल के पास महिला के पैर में किसी अनजान जीव ने काट लिया।
अंधेरे के कारण महिला को सांप काटने की जानकारी नहीं हो पाई। महिला ने बगल में मौजूद एक बिल्ली और वहीं कुछ दूर पर मौजूद एक सांप को देखा। महिला को एहसास हुआ की बिल्ली ने पैर में कट लिया है। इसके बाद अपने पुनः नियमित कार्य में लग गई।
करीब दो घंटे बीतने के बाद महिला की स्थिति बिगड़ने पर स्वजन उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया में इलाज के लिए भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, महिला के घर के आसपास के लोगों ने बताया कि सांप काटने के संदेह होने पर महिला को स्वजन झाड़-फूंक को लेकर कई जगह लेकर गए थे, लेकिन लाभ नहीं हुआ। घटना के बाद घर के लोग किसी सांप निकालने वाले एक व्यक्ति को बुलाकर घर में मौजूद सांप को निकलवाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।