Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    थावे महोत्सव: मंच से रोते-रोते बहुत कुछ कह गईं गायिका प्रियंका सिंह, लोग बोले- ये गोपालगंज की बेटी का अपमान

    By manish kumarEdited By: Aditi Choudhary
    Updated: Sun, 16 Apr 2023 04:42 PM (IST)

    थावे महोत्सव में भोजपुर गायिका और गोपालगंज की बेटी प्रियंका सिंह के साथ दुर्व्यवहार पर लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने इसे गोपालगंज की बेटी का अपमान बताया और कहा कि एक बेटी एक कलाकार के साथ ऐसा सलूक ओछी मानसिकता को दर्शाता है।

    Hero Image
    थावे महोत्सव: मंच से रोते-रोते बहुत कुछ कह गईं गायिका प्रियंका सिंह, लोग बोले- ये गोपालगंज की बेटी का अपमान

    गोपालगंज, जागरण संवाददाता। गोपालगंज में थावे वाली माता की पावन भूमि पर शनिवार शाम दो दिवसीय थावे महोत्सव (Thawe Mahotsav 2023) का रंगारंग आगाज हुआ। हालांकि, पहले ही दिन आयोजन गलत कारणों से चर्चा का विषय बन गया है। भोजपुरी गायिका प्रियंका सिंह (Priyanka Singh) के साथ मंच पर गलत व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने जिला प्रशासन को खूब खरी-खोटी सुनाई। लोगों ने इसे गोपालगंज की बेटी का अपमान बताया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल, थावे महोत्सव के पहले दिन शनिवार को भोजपुर गायिका और गोपालगंज की बेटी प्रियंका सिंह का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया। हालांकि, समय की पांबदी को लेकर कार्यक्रम की एंकर ने आकर उन्हें रोक दिया और वहां से जाने को कह दिया। कार्यक्रम के प्रबंधन से जुड़े एक अन्य व्यक्ति ने उनके हाथ से माइक छीनने का प्रयास किया। उसके बाद गायिका प्रियंका सिंह मंच पर ही रोने लगी। यहां पढ़े पूरा मामला

    कार्यक्रम में मौजूद लोग भी गायिका के साथ इस तरह का गलत व्यवहार देखकर स्तब्ध हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, तो जिला प्रशासन की खूब फजीहत हुई। ट्विटर पर लोगों ने गोपालगंज के जिलाधिकारी के सामने गायिका के साथ मंच पर बदसलूकी की घटना की जमकर आलोचना की।

    गायिका के साथ गलत व्यवहार से भड़के लोग

    एक यूजर ने लिखा कि कितनी शर्म की बात है। भोजपुरी गायिका प्रियंका सिंह मंच पर अपमानित होने के बाद टूट गईं। गोपालगंज के सबसे बड़े सांस्कृतिक उत्सव में लाइव गायन कार्यक्रम के दौरान बीच में ही उन्हें रोक दिया गया। यूजर ने लिखा कि प्रियंका कथित तौर पर ऐ मेरे वतन के लोगो गा रही थीं, जब उन्हें अपने कार्यक्रम को रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा। 

    प्रसंशकों ने कहा- ओछी मानसिकता को दर्शाता है ऐसा सलूक 

    वहीं, ब्रजेश पांडेय नाम के यूजर ने लिखा कि गोपालगंज की भोजपुरिया धरोहर पार्श्व गायिका प्रियंका सिंह, जिस पर हम सभी गर्व करते आए है, उनके साथ एंकर द्वारा मंच पर ऐसा दुर्व्यवहार कही से उचित नहीं है। कुंदन राय लिखते हैं कि थावे महोत्सव के मंच पर बिहार की बेटी और बेहतरीन गायिका प्रिंयका सिंह के साथ जैसा दुर्व्यवहार किया गया है, वो बहुत ही निंदनीय है और इसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए वो कम होगी। एक बेटी, एक कलाकार के साथ ऐसा सलूक, ओछी मानसिकता को दर्शाता है।

    जिला प्रशासन ने दी सफाई

    भोजपुरी गायिका प्रियंका सिंह के साथ अशिष्टता के मामले में गोपालगंज जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सफाई दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले तो बेवजह तूल दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि देर रात हो जाने और विधि-व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम को तत्काल बंद कराया था।

    विज्ञप्ति में कहा गया है कि वायरल हो रहे वीडियो में घटनाक्रम का एक केवल एक हिस्सा यानी अधूरा वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। जबकि पूरा वीडियो देखा जा सकता है। प्रशासन ने कहा है कि कार्यक्रम तय समय से अधिक वक्त तक चलता रहा।

    स्थानीय वरीय पदाधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को देखते हुए गायिका प्रियंका सिंह से कई बार गायन रोकने का अनुरोध किया। परंतु प्रियंका ने प्रस्तुति जारी रखी। ऐसे में बार-बार अनुरोध और समझाने के बाद अंत में कार्यक्रम तत्काल बंद करवा दिया गया। विधि व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन का निर्णय हमेशा अंतिम होता है।