Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोपालगंज: थावे महोत्सव में प्रियंका सिंह से अशिष्ट व्यवहार, गाने से रोका-माइक छीना; जिला प्रशासन की हुई फजीहत

    By manish kumarEdited By: Aditi Choudhary
    Updated: Sun, 16 Apr 2023 03:46 PM (IST)

    थावे महोत्सव के पहले दिन गोपालगंज की बेटी प्रियंका सिंह गाना गाने से रोकने पर रोने लगीं। प्रियंका सिंह दो मिनट बोलना चाह रही थीं लेकिन उनके हाथ से माइक छीन लिया गया। रोते हुए उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है। मेरे साथ सही नहीं किया गया।

    Hero Image
    मंच पर गायिका प्रियंका सिंह से छीना माइक, रोते हुए बोलीं- मैं गाने के लिए मर नहीं रही हूं

    गोपालगंज, जागरण संवाददाता। गोपालगंज में थावे महोत्सव के पहले दिन जिले की बेटी और गायिका प्रियंका सिंह का कार्यक्रम था। उनके मंच पर आते ही लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। हालांकि, गाने के दौरान ही एंकर रूपम त्रिविक्रम ने गायिका को रोक दिया। प्रियका सिंह जब तक कुछ समझ पाती, तब तक एंकर मंच पर जिलाधिकारी को बुलाने लगी। हालांकि, प्रियंका सिंह दो मिनट बोलना चाह रही थीं, लेकिन एंकर ने साफ कह दिया कि बहुत हो गया मैडम।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एंकर रूपम त्रिविक्रम माइक से उद्घोषणा कर प्रियंका को सम्मानित करने के लिए डीएम को मंच पर बुलाने लगीं। इस दौरान एक और शख्स आया और गायिका के हाथ से माइक छीन ली। इसके बाद प्रियंका सिंह मंच पर ही रोने लगीं। रोते हुए प्रियंका सिंह ने कहा कि यह सही नहीं है। मेरे साथ सही नहीं किया गया। ऐसे किसी कलाकार की बेइज्जती नहीं होनी चाहिए। कोई कलाकार गा रहा हो और उसे रोक दिया जाए।

    जिला प्रशासन पर गायिका ने निकाली भड़ास

    गायिका ने कहा कि मैं गाने के लिए मर नहीं रही हूं। जिला प्रशासन ने बहुत गलत किया। थावे महोत्सव में बहुत गंदा अनुभव रहा। इसका न्याय थावे वाली मां करेंगीं। इस बाद लोगों में जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। मामला बढ़ता देख डीएम डा नवल किशोर चौधरी ने खुद जाकर प्रियंका सिंह को मनाने की कोशिश भी की।

    मंच पर आते ही उत्साह से लोगों को लबरेज कर दिया था प्रियंका ने

     बता दें कि शनिवार को थावे महोत्सव के पहले दिन प्रियंका सिंह का कार्यक्रम अंत में था। गायिका ने मंच पर आते ही लोगों को उत्साह से लबरेज कर दिया। ईश्वर सत्य है, सत्य ही शिव है..., कवन फूल फुले लाल..., सोलह बरस की बाली उमर को सलाम, प्यार की पहली नजर को सलाम..., शीशा हो या दिल आखिर टूट जाता है..., पिया जी के मुस्की हमारा लागेला बेजोड़ हे सखी... राजा कईला बियाह त मोटा जईबा... आदि गीतों पर प्रियंका ने लोगों को झुमा दिया था।

    सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन की फजीहत

    मंच पर गाने से रोकने के दौरान प्रियंका सिंह का रोते हुए वीडियो शनिवार रात से सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग वीडियो को शेयर करते हुए प्रशासन की निंदा कर रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर पांडेय विपुल लिखते हैं कि माता के दरबार में एक नारी का अपमान बहुत ही निंदनीय है।

    रितेशरानी भारद्वाज लिखते हैं कि निंदनीय ऐसे स्टेज का बहिष्कार होना चाहिए। अभिषेक श्रीवास्तव ने लिखा कि मामूली सी एंकर ने एक बड़ी कलाकार को अपमानित किया है। यह सही नहीं है। इसका विरोध करता हूं। कुल मिलाकर इस प्रकरण से इंटरनेट मीडिया पर जिला प्रशासन की फजीहत हो गई।

    क्या कहते हैं पदाधिकारी

    डीपीआरओ राधाकांत ने कहा कि कार्यक्रम समाप्ति की ओर था। विधि-व्यवस्था से जुड़ा कुछ मामला सामने आया था। इसके मद्देनजर गायिका प्रियंका सिंह को उनका कार्यक्रम समाप्त करने के लिए कहा गया था। इसके बाद भी उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा। बाद में एंकर के मना करने पर प्रियंका सिंह नाराज हो गईं।

    भाजपा ने महोत्सव से बनाई दूरी

    थावे महोत्सव का एक आमंत्रण पत्र इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें बिहार विधान परिषद सदस्य सह भाजपा नेता जनक राम का नाम नहीं था। इस आमंत्रण पत्र को जिला प्रशासन ने फर्जी बताया था। जनक राम का नाम आमंत्रण पत्र में नहीं होने के कारण भाजपा नेता थावे महोत्सव में नजर नहीं आए, जबकि प्रशासन की ओर जारी आमंत्रण पत्र में जनक राम का नाम है।

    जिला प्रशासन ने दी सफाई

    भोजपुरी गायिका प्रियंका सिंह के साथ अशिष्टता के मामले में गोपालगंज जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सफाई दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले तो बेवजह तूल दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि देर रात हो जाने और विधि-व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम को तत्काल बंद कराया था।

    विज्ञप्ति में कहा गया है कि वायरल हो रहे वीडियो में घटनाक्रम का एक केवल एक हिस्सा यानी अधूरा वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। जबकि पूरा वीडियो देखा जा सकता है। प्रशासन ने कहा है कि कार्यक्रम तय समय से अधिक वक्त तक चलता रहा।

    स्थानीय वरीय पदाधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को देखते हुए गायिका प्रियंका सिंह से कई बार गायन रोकने का अनुरोध किया। परंतु प्रियंका ने प्रस्तुति जारी रखी। ऐसे में बार-बार अनुरोध और समझाने के बाद अंत में कार्यक्रम तत्काल बंद करवा दिया गया। विधि व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन का निर्णय हमेशा अंतिम होता है।