अनंत सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी, जेल से छूटना हुआ मुश्किल
जेल से बाहर आने की उम्मीद लगाये बैठे अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने अनंत सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है।
गया [जेएनएन]। मोकामा के बाहुबलि विधायक अनंत सिंह के जेल से बाहर आने उम्मीद को धक्का पहुंचा हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा सीसीए हटाये जाने के बाद उनमें और उनके समर्थकों के बीच जेल से बाहर आने की एक उम्मीद जगी थी। लेकिन गया स्पेशल कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी होने से फिलहाल अनंत सिंह के जेल से बाहर आने की संभावना कम हो गई है।
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत सिंह के विरुद्ध गया न्यायालय द्वारा प्रोडक्शन वारंट मंगलवार को जारी किया गया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस.एन. सिंह ने नीमचक बथानी के आरक्षी उपाधीक्षक के आवेदन पर आदेश पारित करते हुए प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। फिलवक्त अनंत सिंह बेउर जेल में न्यायिक हिरासत के तहत बंद है। बिहटा थाना कांड संख्या 859/14 के तहत जेल में बंद है।
जिले के खिजरसराय थाना कांड संख्या 33/15 में अनंत सिंह वांछित अभियुक्त है। विधायक अनंत सिंह के खिलाफ खिजरसराय थाना में कांड दर्ज किया गया था। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के विरुद्ध जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए अपशब्द बोला था। कांड भादवि की धारा 506 एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज है। उक्त जानकारी विशेष लोक अभियोजक एससी/एसटी अशोक चौधरी ने दी है।
वारंट जारी होने के बाद अनंत सिंह के वकील ने कहा कि राज्य सरकार जानबूझ कर ऐसा कर रही है। वह अनंत सिंह को जेल से बाहर नहीं आने देना चाहती है।
बता दें कि अनंत सिंह के खिलाफ पिछले साल पांच सितंबर को सीसीए लगाया गया। पटना के एसएसपी मनु महाराज ने जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल से इसकी अनुशंसा की थी। राज्य सरकार द्वारा सीसीए लगाए जाने पर पटना हाईकोर्ट की एडवाइजरी कमेटी ने अपनी मुहर लगाई थी। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश आरएफ नरीमन और मोहन एम शांतानागोदर की खंडपीठ ने अनंत सिंह को राहत दी है। उनके उपर से सीसीए हटा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: इस तोते की वजह से उड़ गई है अधिकारियों की नींद, जानिए
कुल 32 मामलों के आरोपी अनंत सिंह पर बाढ़ थाने में 23 मामले दर्ज हैं। अपहरण, फिरौती, हत्या और लूट से लेकर दुष्कर्म तक के संगीन मामले। उनमें से कई मामलों में वे बरी हो चुके हैं। पिछले साल पांच अक्टूबर को आखिरी मामले में भी उन्हें जमानत मिल चुकी है। इस मद्देनजर उम्मीद लगायी जा रही थी कि सीसीए हटाए जाने के बाद वे जेल से बाहर आ जाएंगे। लेकिन अब स्पेशल कोर्ट द्वारा प्रोडक्शन वारंट जारी होने के बाद उनके जेल से निकलने पर ग्रहण लग गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।