Bihar News: पाइपलाइन गैस कनेक्शन लेने में इतना है खर्चा, इस शहर में तेजी से किचन तक मिल रही सुविधा
Gaya News बिहार के कई जिलों में पाइपलाइन गैस कनेक्शन तेजी से पहुंचने लगा है। इसी क्रम में गैस की पाइपलाइन अब किचन तक पहुंचने लगी है। पहले फेज में मानपुर के ग्रीन विहार कालोनी के लोगों को पाइपलाइन से गैस मिलने लगी है। करीब 50 घरों में पाइपलाइन से गैस दस मार्च से मिल रही है। लोगों को नंबर लगाने का झंझट खत्म हो जाएगा।

जागरण संवाददाता, गया। Gaya News : शहर के मानपुर क्षेत्र के लोगों को बहुत जल्द गैस सिलेंडर से निजात मिलने जा रही है। गैस की पाइपलाइन अब किचन तक पहुंचने लगी है। पहले फेज में मानपुर के ग्रीन विहार कालोनी के लोगों को पाइपलाइन से गैस मिलने लगी है। करीब 50 घरों में पाइपलाइन से गैस दस मार्च से मिल रही है। वहीं लक्खीबाग, स्वामी सहजानंद कालोनी, राणानगर, जगजीवन कालेज, जनकपुर आदि मोहल्लों में पाइपलाइन से गैस का कनेक्शन दिया गया है। ग्रीन विहार कालोनी के लोगों को पूरी तरह से एलपीजी सिलेंडर से छुटकारा मिल गया है।
पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति अदाणी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के जिला आपूर्ति प्रबंधक लोकेश कुमार ने कहा कि पहले फेज का काम चल रहा है। जहां मानपुर के कई मोहल्लों में गैस पाइपलाइन का कनेक्शन दिया गया है। जल्द ही सभी घरों में गैस की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
वहीं ग्रीन विहार कालोनी में गैस की आपूर्ति दस मार्च से शुरू है। पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति सुरक्षित है। सुरक्षा को लेकर घरों में तीन रेगुलेटर लगाए गए हैं।
नंबर लगाने का झंझट समाप्त
ग्रीन विहार कालोनी निवासी उपभोक्ता अर्चना कुमार ने कहा कि पाइपलाइन के जरिए गैस की आपूर्ति की जा रही है। इससे नंबर लगाने के साथ सिलेंडर का झंझट पूरी तरह से समाप्त हो गया है। आपूर्ति में की जाने वाली लेटलतीफ का सामना भी अब नहीं करना पड़ रहा है।
सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वालों को अतिरिक्त राशि भी नहीं देनी पड़ेगी। सभी समस्या से पूरी तरह से छुटकारा मिल गया है। वहीं पाइपलाइन मिलने वाले गैस एलपीजी गैस से काफी सस्ता है। प्रत्येक यूनिट 35 रुपये देना है। राशि का भुगतान भी दो माह में करना है।
जानें पाइपलाइन गैस की कीमत
पाइपलाइन के जरिए एलपीजी सिलेंडर के मुकाबले काफी सस्ता पड़ता है। बताया जाता है कि महज 618 रुपए में कनेक्शन तथा लगभग 40 रुपये प्रति किलो गैस की कीमत पड़ती है।
सुरक्षा के लिए तीन रेगुलेटर लगे
गृहिणी संगीता कुमारी का कहना है कि पाइपलाइन गैस एलपीजी गैस के काफी बेहतर है। सुरक्षा को लेकर तीन रेगुलेटर लगा है। पहला चूल्हे में, दूसरा किचन में एवं तीसरा घर के बाहर लगा है। इससे दुर्घटना का संभावना काफी कम है। एलपीजी सिलेंडर में दुर्घटना होने का संभावना अधिक रहती है। सुरक्षा के साथ गैस सस्ती भी है। कनेक्शन लेते समय 11 सौ रुपये जमा करना पड़ता है।
सात हजार रुपये सिक्योरिटी मनी
पाइपलाइन गैस को लेकर कंपनी ने सात हजार रुपये सिक्योरिटी मनी रूप में ले रही है। इसमें निबंधन शुल्क भी है। पहले निबंधन 11 सौ एवं 21 सौ रुपये किया जाता है। जो सिक्योरिटी मनी से जुड़ा है। शेष राशि बिल में जुटकर आएगा। सिक्योरिटी मनी के राशि जमा होने के बाद जहां 35 रुपये यूनिट जो पैसा लिया जा रहा है, वह घटकर आधा हो जाएगा। राशि का भुगतान आनलाइन करना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।