तहकीकात: तार-तार होते रिश्तों की 4 कहानियां, जब कत्ल और साजिश का खौफनाक सच सामने आते ही दहल गया दिल
मध्य प्रदेश के इंदौर की सोनम रघुवंशी का मामला सुर्खियों में है। बिहार के भोजपुर जिले में चार ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जिनमें अवैध संबंधों के चलते हत्याएं हुईं। इन मामलों में पत्नियों ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर पतियों को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि कुछ अभी भी फरार हैं।

दीपक, आरा। मध्य प्रदेश के इंदौर की सोनम रघुवंशी इन दिनों इश्क, शादी और साजिश को लेकर सुर्खियों में है। इस तरह की कई घटनाएं पहले भी घटित हुई हैं, जो सुर्खियां नहीं बन चुकी हैं।
विवाह का पवित्र बंधन इन दिनों रिश्ते में छल, कपट एवं स्वार्थ के चलते अपराध की जड़ बनते जा रहे हैं। यहां तक कि विवाहेतर संबंधों में उसी सुहाग को उजाड़ने में हाथ भी नहीं कांप रहे हैं।
दैनिक जागरण की ‘तहकीकात’ में दूसरी कहानी बिहार के भोजपुर जिले से उन चार वारदातों की, जिनकी जांच में रिश्तों में आई कड़वाहट और अवैध संबंधों के चलते रची गई साजिश से पर्दा उठा।
इन 4 वारदातों से दहल गया था भोजपुर जिला
भोजपुर जिले की बात करें तो विगत महीनों में कई ऐसे छोटे-बड़े मामले सामने आए हैं, जिसमें अवैध संबंधों के चलते कहीं किसी पति की हत्या तो कहीं किसी पति पर गोली चलवाने जैसी घटनाएं हुई हैं।
हालत यह है कि नाजायज संबंधों के कटर से सच्चे रिश्तों की डोर कट रही है। ऐसे में खुद या गैरों के परिवार की सुख-शांति भंग हो रही है। कुछ मामलों में अनुसंधान के दौरान पुलिस को ठोस साक्ष्य भी मिले हैं। पत्नियां जेल भी गई हैं या कानून की जांच के घेरे में हैं।
केस-01: गला दबाकर कर दिया मर्डर
तारीख: सात जून 2025 और रात का वक्त। पीरो थाना क्षेत्र में यह आम दिन था। परंतु रात में इलाके के तिलाठ गांव में सियाराम की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। खास बात यह था कि साक्ष्य मिटाने के लिए सियाराम के शव को बधार में फेंक दिया गया था।
आठ जून की सुबह शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मूलरूप से चरपोखरी थाने के हरपुर गांव निवासी सियाराम के मर्डर में जांच के क्रम में विवाहेतर प्रेम संबंध की बात सामने आई।
पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए जांच आगे बढ़ाई तो परतें खुलती चली गईं। पता चला कि मामले के मुख्य आरोपियों में इलाके के एक शख्स, उसकी पत्नी और बेटा शामिल थे।
मृतक का आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध था। इसी के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया, परंतु उनका बेटा आज भी फरार चल रहा है।
हत्या की घटना के बाद शोकाकुल स्वजन।
केस-02: रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दी लाश
तारीख: 23 सितंबर 2024। पीरो थाना क्षेत्र का मामला। यहां अवैध संबंध के चक्कर में उमाकांत ठाकुर नाम के शख्स की घर में गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था।
जांच के क्रम में पुलिस ने मृतक की ही पत्नी और उसके प्रेमी साहेब उपाध्याय को गिरफ्तार किया था। मामले में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची थी।
आरोपी महिला के प्रेमी ने इस साजिश में अपने दोस्तों को भी शामिल किया था।हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पीरो रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर फेंक दिया था।
पीरो में हत्या के बाद जांच करते डीएसपी केके सिंह।
केस-03: धारदार हथियार से काट डाला
तारीख: 19 नवंबर 2024 और शाम का वक्त। तीयर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटाई बोझ-गंगाधर डिहरी नहर लाइन रोड पर धारदार हथियार से मर्डर किए जाने की पुलिस को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो छोला-पानीपुरी दुकानदार श्याम बाबू साह की मौत हो चुकी थी।
इसे लेकर गंगाधर डिहरी गांव निवासी मृतक के पिता गुपुत साह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसंधान में पत्नी ही पति की हत्या की सूत्रधार निकली थी। बताया गया कि आरोपी पत्नी के अवैध संबंध गांव के ही एक युवक मुन्ना यादव से थे।
पुलिस ने पाया कि आरोपी का पति इसका विरोध करता था। ऐसे में अवैध संबंध में बाधा बने पति को रास्ते से हटाने के लिए हत्या करने का षड्यंत्र रचा गया था। घटना के दिन शाम को श्याम अपना ठेला लेकर घर लौट रहा था।
इसी दौरान आरोपी पत्नी के प्रेमी और उसके दोस्त ने श्याम को घेर लिया और धारदार हथियार से वार करके मौत के घाट उतार दिया।
केस नंबर 04: सामने आकर मार दी गोली
तारीख थी 4 जून 2025। चरपोखरी थाना क्षेत्र में एक बाइक पर दो युवक सवार होकर आते हैं। यहां कोयल महावीर मंदिर के पास अमरेंद्र सिंह नाम के शख्स को सामने आकर गोली मार दी गई।
अमरेन्द्र इमादपुर थाना जगजीवनापुर गांव निवासी था। गोली मारे जाने के इस मामले में पुलिस एक गाड़ी मालिक संजय साव को गिरफ्तार करती है।
चरपोखरी में गोली लगने के बाद अमरेंद्र का इलाज करते डॉक्टर।
इसके बाद मामले की परतें खुलती चली जाती हैं। दरअसल, इमादपुर के बिहटा गांव निवासी संजय का विवाहेतर प्रेम संबंध घायल की पत्नी से चल रहा था। इलाके में चर्चा थी कि महिला पूर्व में उसके साथ चली भी गई थी।
पकड़े गए आरोपित ने पूछताछ में संलिप्तता स्वीकार करते हुए कांड में संलिप्त अपने एक और साथी रंजीत का नाम लिया। इसके साथ ही घायल की पत्नी का भी नाम इस पूरी साजिश में सामने आया।
लोग क्यों उठा लेते खौफनाक कदम?
पति-पत्नी के स्वभाव आपस में नहीं मिल पाते हैं या फिर जिससे शादी हुई है, वह नए दांपत्य जीवन से खुश नहीं रहता है। ऐसे में नए साथी के साथ मिलकर बड़ा कदम उठा लेते हैं। एके सिंह, मनोचिकित्सक
यह भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।