Bhojpur News: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच रद हुई जवान की छुट्टी, ट्रेन से उतरते ही आ गया वापसी का संदेश
उदवंतनगर के एक फौजी मुन्ना ओझा को छुट्टी पर लौटते ही सीमा पर वापस जाने का संदेश मिला। वे एक महीने की छुट्टी पर घर आ रहे थे। भारत-पाक सीमा पर तनाव के बीच उन्हें यह सुनकर खुशी हुई कि वे मातृभूमि की सेवा कर सकेंगे। पत्नी ने भी उनका हौसला बढ़ाया। फौजी ने कहा कि दुश्मन को नष्ट करना ही उनका लक्ष्य होगा।
जागरण संवाददाता, उदवंतनगर (भोजपुर)। India-Pak Tension: फौजियों के लिए छुट्टी का बड़ा महत्व होता है। लंबे अंतराल के बाद वे अपने लोगों से मिल पाते हैं और अपनी खुशियां बांटते हैं। इसके साथ ही वे अपने आवश्यक काम निपटा पाते हैं।
इसी छुट्टी में वे किसी समारोह अथवा मांगलिक आयोजन में भाग ले पाते हैं। अनुभव कीजिए स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही जब उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटने का आदेश मिले तो कैसा लगेगा।
अगर सामान्य दिन होता तो जवान को गुस्सा भी आता, लेकिन इस बार तत्काल लौटने के फरमान ने जवान को रोमांचित कर दिया। जैसे लंबे दिनों से वे इसके इंतजार में हों। दरअसल, भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ता जा रहा है। कभी भी युद्ध की घोषणा हो सकती है।
दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रहा तनाव
पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारत ने पाकिस्तान में घुसकर लिया। भारत ने 9 आतंकी कैंप ध्वस्त कर दिए, जिसमें सौ से अधिक आतंकवादी मारे गए। वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान ने सीजफायर का उलंघन करते हुए भारत के नागरिक ठिकानों पर हमला किया, जिसमें कई नागरिकों की जान गई।
भारत की ओर से जवाबी कारवाई करते हुए पाकिस्तान के कराची, इस्लामाबाद सहित कई शहरों पर जबरदस्त ड्रोन हमला किया। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की वजह से युद्ध की संभावना को देखते हुए सरकार सैनिकों की छुट्टी रद करते हुए छुट्टी पर गए सैनिकों को वापस बुला रही है।
स्टेशन पर उतरते ही आया वापसी का मैसेज
राजस्थान के श्रीगंगानगर बॉर्डर पर तैनात उदवंतनगर प्रखंड के कोहड़ा गांव निवासी बीएसएफ जवान मुन्ना ओझा जैसे ही ट्रेन से आरा स्टेशन पर उतरे, उनके मोबाइल पर यूनिट से वापस लौटने का फरमान आ गया।
जवान ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद एक महीने की छुट्टी मिली थी। सोचा था परिवार के साथ समय बिताऊंगा और आवश्यक कार्यों का निपटारा करूंगा, लेकिन तत्काल लौटने के फरमान आ गया।
हालांकि, इल पर गुस्सा नहीं आया बल्कि मन रोमांचित हो उठा। भारत माता की रक्षा का इससे बेहतर मौका शायद ही मिले। मैं देश के काम आ सकूंगा। हमारा लक्ष्य दुश्मन को नेस्तनाबूद करना होगा। हमारे जैसे हजारों सैनिक मां भारती की सेवा के लिए लौट रहे हैं।
पत्नी ने पति के हौसले को बढ़ाया
पत्नि अरुंधति ने पति की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि मुझे अपने पति पर गर्व है। मातृभूमि की रक्षा के लिए उन्हें अवश्य जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें
Saran News: माथे पर तिलक और मां से मिला 'विजयी भव' का आशीर्वाद, सारण से बार्डर के लिए रवाना हुए आकाश
Ara News: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच आरा में बढ़ी सुरक्षा, आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।