Tanishq Robbery: सोना लूटने से ठीक 4 दिन पहले आरा आया था मुठभेड़ में मारा गया चुनमुन, CCTV में कैद हुआ चेहरा
Bihar News अररिया मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात चुनमुन झा आरा के तनिष्क शोरूम लूटकांड में शामिल था। सीसीटीवी फुटेज में हरे रंग की टी-शर्ट और हाथ में पिस्टल लिए दिख रहा है। पुलिस का दावा है कि यही अररिया जिले के पलासी थाना के मजलिसपुर गांव का हिस्ट्रीशीटर चुनमुन झा है। उसे एनकाउंटर में पुलिस ने मार गिराया है।

दीपक, आरा। अररिया जिले के नरपतगंज इलाके में जिला पुलिस एवं पटना एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया दुर्दांत हिस्ट्रीशीटर चुनमुन झा आरा के तनिष्क आभूषण शोरूम में रेकी करने से लेकर लूटपाट करने तक की घटना में शामिल रहा था।
लूट की घटना को अंजाम देने से ठीक चार दिनाें पहले यानी छह मार्च को वह आरा आया था। शहर के धरहरा में लोकल लाइनर से लेकर प्रश्रय देने वाले बदमाशों से उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरा शहर के शीशमहल चौक पहुंच शोरूम में रेकी की थी।
इसके बाद 10 मार्च की सुबह जब लूटपाट हुई थी तो वह अपने एक अन्य साथी संग शहर के आरण्य देवी मंदिर के रास्ते तनिष्क आभूषण शोरूम तक पहुंचा था और साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
घटना के दिन सीसीटीवी फुटेज में भी उसका चेहरा, हुलिया से लेकर कद-काठी कैद तक हुआ था। लूटकांड में पकड़े गए संरक्षण देने वाले आरा के सूरज सिंह के स्वीकारोक्ति बयान में भी उसका और उसके एक अन्य साथी का नाम आया था।
इसके बाद से पटना एसटीएफ की टीम उसके पीछे लगी थी। अररिया पुलिस को भी सूचित किया गया था। यहीं नहीं आरा के अलावा पूर्णिया शोरूम लूट कांड में भी उसका नाम आया था।
वैसे, वारदात के पांच दिनों बाद से ही भोजपुर पुलिस एवं एसटीएफ की संदिग्धों की सूची में उसका नाम दौड़ना शुरू हो गया था। पुलिस ने अररिया एवं पूर्णिया आदि जिलों से तस्वीर एवं फुटेज मंगाकर उसे चिह्नित किया था।बाद में पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर उसकी संलिप्तता को लेकर पुष्टि हुई थी।
मालूम हो कि दस मार्च को आरा टाउन थाना क्षेत्र के शीशमहल चौक स्थित तनिष्क शोरूम में अंगुठी खरीदने के बहाने आए सात अपराधियों ने करीब 10 करोड़ 59 हजार रुपये के जेवरात लूटे थे।
अलग-अलग तीन थैला में जेवरात लूटकर भागे थे। बाद में बड़हरा के बबुरा के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने के बाद सारण जिले के विशाल गुप्ता एवं कुणाल कुमार पकड़े गए थे। पकड़े गए दोनों रिसीवर के पास से के पास से सोना से भरा दो बैग मिला था।
दोनों से पूछताछ में कांड के मास्टर माइंड के रूप में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जेल में बंद वैशाली जिले के बिदुपुर थाना के मंझौली गांव निवासी चंदन कुमार उर्फ प्रिंस का नाम आया था।
पकड़े गए अपराधियों ने स्वीकारोक्ति बयान में नाम लिया था। जिसके उसे आरोपित बनाया गया था। बाद में पूछताछ के लिए पटना एसटीएफ की टीम भी पश्चिम बंगाल गई थी।
सीसीटीवी में हरे रंग के टीशर्ट में हाथ में पिस्टल लिए दिख रहा हिस्ट्रीशीटर
- मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात चुनमुन झा आरा के तनिष्क शोरूम में लूटपाट के दौरान हरे रंग के छींटदार टीशर्ट में दिख रहा है। पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर उजले रंग का मास्क लगाए हुए है।
- एक हाथ में पिस्टल लिए नजर आ रहा है। कद-काठी एवं हुलिया से पुलिस का दावा है कि यहीं अररिया जिले के पलासी थाना के मजलिसपुर गांव का हिस्ट्रीशीटर चुनमुन झा है।
- पुलिस के पास अररिया से लेकर पूर्णिया जिले में घटित लूटपाट की घटना का भी फुटेज है।
फुटेज देख पकड़े गए सूरज ने कहा, यहीं है चुनमुन
इधर, तनिष्क शोरूम लूट कांड में अपराधियों को घर पर प्रश्रय देने में गिरफ्तार सूरज सिंह से जब पुलिस ने पूछताछ की तो सीसीटीवी फुटेज देख उसने कहा कि यहीं मास्क लगाए अररिया जिले का चुनमुन झा है, जो घटना के चार दिन पहले आरा में रेकी करने भी आया था।
मालूम हो कि पुलिस ने 20 मार्च को ही लूटकांड में लाइनर की भूमिका निभाने वाले भोजपुर के कृष्णाढ़ थाना के उदयभानपुर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर विशाल सिंह एवं प्रश्रय देने वाले बड़हरा के सिन्हा थाना के परशुरामपुर गांव निवासी सूरज सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
जिसके बाद घटना के दिन का फुटेज दिखाकर पहचान कराई गई थी। पटना एसटीएफ भी पूछताछ करने यहां आई थी।
अररिया मुठभेड़ कांड में मारा गया चुनमुन झा आरा तनिष्क लूट की घटना में शामिल था। हरे रंग के टीशर्ट में उसका हुलिया भी सीसीटीवी फुुटेज में कैद हुआ था।-राज, एसपी, भोजपुर
यह भी पढ़ें-
आरा में तनिष्क के शोरूम में दिनदहाड़े 25 करोड़ की लूट, बंदूक की नोंक पर उड़ाए जेवरात
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।