Bhojpur News: मतदाता सूची में बढ़ी महिलाओं की ताकत, जेंडर रेशियो 877 से बढ़कर 900 पार
भोजपुर जिले के मतदाता जेंडर रेशियो तेजी से सुधार दर्ज किया जा रहा है। सबसे खराब जेंडर औसत वाले विधानसभा में शामिल बड़हरा में दो महीने में 45 अंकों का जबरदस्त सुधार दर्ज किया गया है। वहीं आरा में भी 17 अंकों का सुधार दर्ज किया गया है। अप्रैल में 1000 पुरुष मतदाताओं पर 24 महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ते हुए जेंडर रिशियो 901 के पार जा पहुंचा है।

जागरण संवाददाता, आरा। राजनीति में महिलाओं को भागीदारी देने में भले ही राजनीतिक दल गंभीर नहीं हों, लेकिन वोटरों में महिलाओं की ताकत बढ़ रही है। भोजपुर जिले का मतदाता जेंडर रेशियो तेजी से सुधरने लगा है। विगत माह पहले जिले के बड़हरा और आरा विधानसभा क्षेत्र देश के सबसे खराब जेंडर औसत वाले विधानसभा में शामिल था।
अगले महीने तक और सुधार होने की उम्मीद
अपने ऊपर लगे इस पीछे रहने के दाग को छुड़ाने के लिए दोनों विधानसभा समेत जिले के सभी विधानसभा के पदाधिकारी और कर्मचारियों ने विगत दो माह में कड़ी मेहनत करके स्थिति को पूरी तरह से अपने अनुकूल बना दिया है। इस तेजी के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि अगले माह तक राज्य स्तरीय रेशियो से जिले का स्तर ऊपर उठ जाएगा।
लगातार की जा रही समीक्षा
इसे लेकर लगातार संबंधित विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कर्मचारियों के द्वारा मॉनिटरिंग किए जाने के साथ मेहनत की जा रही है। दूसरी तरफ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम के द्वारा भी इसकी लगातार समीक्षा कर ज्यादा से ज्यादा नए मतदाताओं का आवेदन जमा कराया जा रहा है।
51,800 नए मतदाताओं का आवेदन जमा करने का लक्ष्य
देश में सबसे पीछे रहने के कलंक को हटाने के लिए डीएम ने जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगभग 51,800 नए मतदाताओं का आवेदन जमा करने का लक्ष्य रखा। इसमें से अब तक 34,767 का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है।
1000 पुरुष मतदाताओं पर 900 से ज्यादा महिलाएं
जनवरी के पहले सप्ताह में जहां जेंडर रेशियो 1000 पुरुष मतदाताओं पर 877 महिला मतदाताओं का था। वह दो माह बाद दो अप्रैल में 1000 पुरुष मतदाताओं पर 24 महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ते हुए यह संख्या 901 के पार जा पहुंची है।
इस बढ़ोतरी पर नजर डाले तो विगत दो माह के अंदर सबसे ज्यादा बड़हरा विधानसभा में 45 अंकों का जबरदस्त सुधार दर्ज किया गया है। इसके साथ संदेश में 25, जगदीशपुर में 22, शाहपुर में 21, तरारी और अगिआंव में 17-17 का सुधार दर्ज किया गया है।
बड़हरा विधानसभा में सबसे ज्यादा सुधार
सबसे खराब स्थिति अभी भी आरा विधानसभा की बनी हुई है। यहां सबसे कम 16 अंकों का सुधार हुआ है और यहां का रेशियो 873 है। जिले में तेजी से मतदाता रेशियो के सुधार का कारण डीएम के निर्देश पर सभी बीएलओ के द्वारा जमीनी स्तर पर कार्य करने के साथ-साथ कॉलेज और कोचिंग सेंटरों में कैंप का लगना है।
बड़हरा के 170 बीएलओ से मांगा गया स्पष्टीकरण
भोजपुर जिले में सबसे तेजी से मतदाता जेंडर रेशियो का सुधार बड़हरा विधानसभा में हुआ है, लेकिन समीक्षा के बाद यह बात सामने आई कि बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के बड़हरा प्रखंड क्षेत्र में 90, कोईलवर में 39 और आरा प्रखंड क्षेत्र के 41 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ के द्वारा लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं किए गए हैं।
इसकी जानकारी मिलते ही एडीएम डॉक्टर शशि शेखर ने सभी से स्पष्टीकरण मांगते हुए तीन दिनों में स्थिति सुधारने की चेतावनी दी है।
ऐसा नहीं करने पर चुनाव कार्य में लापरवाही मानते हुए आयोग को रिपोर्ट करने की स्पष्ट चेतावनी दी है। दूसरी तरफ एडीएम ने बताया कि जिले में सबसे बेहतर जेंडर रेशियो बड़हरा में करने का तेजी से प्रयास चाल रहा हैं।
दो माह में विधानसभा वार जेंडर रेशियो की प्रगति रिपोर्ट
नाम | जनवरी | अप्रैल | बढ़ोतरी |
संदेश | 899 | 924 | 25 |
बड़हरा | 856 | 901 | 45 |
आरा | 857 | 873 | 16 |
अगिआंव | 886 | 903 | 17 |
तरारी | 887 | 904 | 17 |
जगदीशपुर | 894 | 916 | 22 |
शाहपुर | 877 | 889 | 21 |
कुल | 877 | 901 | 25 |
भोजपुर जिले में मतदाता रेशियो राज्य स्तर के रेशियो से भी ज्यादा करने का तेजी से प्रयास चल रहा है। इसके लिए लगातार महादलित टोलों में कैंप लगने के साथ-साथ जीविका, विकास मित्र का सहयोग लिया जा रहा है और स्कूल तथा कालेज और कोचिंग सेंटरों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इसमें राजनीतिक दलों के लोगों और आम लोगों से अपील की जाती है कि वे अपना भरपूर मदद दें।
तनय सुल्तानिया, डीएम, भोजपुर
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।