Jamin Jamabandi: बिहार भूमि सर्वे के बीच आई बड़ी खबर, 4 लाख जमीन मालिकों की जमाबंदी Aadhaar से अपडेट नहीं
भोजपुर जिले में जमीन मालिकों के लिए बड़ी खबर! अब तक सिर्फ 55% जमाबंदी को ही आधार से जोड़ा जा सका है। बाकी 45% भू-स्वामियों की जमीन की जमाबंदी अभी भी अपडेट नहीं हो पाई है। सभी भू-स्वामियों की जमाबंदी आधार और मोबाइल से अपडेट हो जाने के बाद कई प्रकार के फर्जीवाड़ा पर रोक लगेगी। भोजपुर DM ने इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में भू-स्वामियों के जमीन की जमाबंदी (Bihar Jamin Jamabandi) को मोबाइल और आधार से अपडेट करने का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। विगत दिनों हुई समीक्षा बैठक में यह बात उजागर हुई कि अब तक जिले में केवल 55 प्रतिशत ही रैयतों के खाता को मोबाइल और आधार से अपडेट किया गया है।
तमाम प्रयास के बाद भी 45 प्रतिशत भू-स्वामियों के जमीन की जमाबंदी अब तक नहीं हो पाई है। मालूम हो कि भोजपुर जिले में लगभग 9, 13,761 भू-स्वामी हैं, जिसमें से 5,02,140 भू-स्वामियों की जमाबंदी आधार और मोबाइल से जुड़ चुका है। जिले में इस कार्य को करने की जिम्मेवारी सभी राजस्व कर्मचारियों की है।
तमाम प्रयास के बाद भी इन सभी के द्वारा बड़े स्तर पर लापरवाही किए जाने के कारण यह कार्य अपने लक्ष्य से भटक गया है। सभी भू-स्वामियों की जमाबंदी आधार और मोबाइल से अपडेट हो जाने के बाद कई प्रकार के फर्जीवाड़ा पर रोक लगेगी।
जिले में सबसे ज्यादा भू-स्वामी की संख्या आरा सदर में 1,32,510 है, जिसमें से अब तक 69,629 की आधार सीडिंग हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ सबसे कम 35,624 गड़हनी की है, जहां पर 18,446 लोगों का खतियान आधार और मोबाइल से जुड़ चुका है।
जनिए क्या हैं लाभ: आधार लिंक होने से फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
फर्जी रजिस्ट्री, फर्जी जमाबंदी पर रोक के उद्देश्य से जमीन खाता को आधार से लिंक कर यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि किसी जमीन के स्वामत्वि पर एक ही व्यक्ति का अधिकार है। इससे फर्जी रजिस्ट्री, फर्जी जमाबंदी और अन्य फर्जीवाड़ा रोका जा सकता है। इससे भूमि विवाद पर भी नियंत्रण होगा।
जमीन खाता को आधार से लिंक करने से सरकार को भी कौन सी भूमि किस व्यक्ति या परिवार की है, इसकी जानकारी मिलेगी। इससे सरकारी योजनाओं के लिए लाभार्थियों की पहचान आसानी से हो सकेगी।
अंचलवार आधार सीडिंग के पेंडिंग और अपडेट डाटा
अंचल | अपडेट होने हैं | अपडेट हो चुके | प्रतिशत |
आरा | 132510 | 69629 | 52.55 |
जगदीशपुर | 92805 | 50475 | 54.39 |
पीरो | 89918 | 58768 | 65.36 |
उदवंतनगर | 81366 | 47121 | 57.91 |
कोईलवर | 76345 | 46407 | 60.79 |
बड़हरा | 67721 | 27600 | 41.06 |
तरारी | 64645 | 41631 | 64.40 |
बिहिया | 56176 | 24148 | 42.99 |
शाहपुर | 52774 | 28030 | 53.11 |
अगिआंव | 51262 | 26115 | 50.94 |
चरपोखरी | 38203 | 22615 | 59.20 |
सहार | 37219 | 18507 | 49.72 |
गड़हनी | 35624 | 18446 | 51.78 |
कुल | 913761 | 502140 | 54.95 |
तेजी से कार्य नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिले में भू-स्वामियों की जमाबंदी को मोबाइल नंबर और आधार से अपडेट करने में लापरवाही करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी भूस्वामियों से अनुरोध है कि वे जल्द से जल्द अपना जमाबंदी मोबाइल नंबर और आधार से अपडेट करवा लें। - तनय सुल्तानिया, डीएम, भोजपुर
ये भी पढ़ें- Bihar News: कामकाज में फिसड्डी साबित हुए पटना जिले में तैनात 8 सीओ, इस जिले का प्रदर्शन रहा सबसे बेहतर
ये भी पढ़ें- Bihar Jamin Jamabandi: लॉक जमाबंदी पर नीतीश सरकार का अहम फैसला, जमीन मालिकों की सबसे बड़ी टेंशन खत्म
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।