Ara News: तनिष्क लूटकांड में तीसरे बैग का खुलेगा राज! जेल में बंद चंदन और शेरू सिंह से पूछताछ करेगी पुलिस
आरा तनिष्क लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जेल से लाए गए कुख्यात मास्टरमाइंड चंदन कुमार उर्फ प्रिंस और ओंकारनाथ सिंह उर्फ शेरू सिंह से पूछताछ के लिए दो दिनों की रिमांड की अनुमति दी है। पुलिस दोनों से लूटे गए जेवरातों से भरे तीसरे बैग और साजिश में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में पता लगाएगी।

जागरण संवाददाता, आरा। Ara News: टाउन थाना क्षेत्र के शीश महल चौक स्थित तनिष्क शोरूम में घटित करीब दस करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात लूटे जाने के चर्चित मामले में पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जेल से आरा लाए गए कुख्यात मास्टरमाइंड चंदन कुमार उर्फ प्रिंस तथा ओंकारनाथ सिंह उर्फ शेरू सिंह से पूछताछ करने की शुक्रवार को अनुमति मिल गई।
रिमांड पर लेकर पुलिस करेगी पूछताछ
कोर्ट ने दो दिनों तक दोनो आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की अनुमित प्रदान की है। हालांकि, केस के आइओ सह थानाध्यक्ष देवराज राय ने कोर्ट में पांच दिनों के लिए रिमांड पर देने की अर्जी दी थी। पुलिस दोनों पूछताछ कर लूटे गए जेवरातों से भरे तीसरे बैग एवं साजिश में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में पता लगाएगी।
गुरुवार को पश्चिम बंगाल से आरोपितों को आरा लाया गया
इससे पूर्व गुरुवार को दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल के पुरूलिया से आरा लाया गया था। कोर्ट में उपस्थापन के बाद न्यायिक हिरासत में दोनों को जेल भेज दिया गया था। इस दौरान दोनों को उपस्थापन के समय रिमांड को लेकर कोर्ट में बहस भी हुई थी। हालांकि, फैसला सुरक्षित रखा गया था।
शुक्रवार को 48 घंटे के रिमांड पर ले जाने की अनुमति प्रदान कर दी गई। भोजपुर राज ने पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार को दोनों को रिमांड पर लिया जाएगा। इसमें मास्टर माइंड चंदन कुमार उर्फ प्रिंस वैशाली जिले के मंझौली एवं शेरू सिंह बक्सर जिले के दुल्लहपुर गांव का निवासी है।
शेरू सिंह की पत्नी ने दी कोर्ट में अर्जी
इधर, कांड में यहां लाए गए पश्चिम बंगाल जेल से आरा लाए गए शेरू सिंह की पत्नी लकी सिंह ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश,भोजपुर को अधिवक्ता के माध्यम से अर्जी देकर इस केस में फंसाए जाने का आरोप लगाया है।
बता दें कि इस केस में अभी तक चार लुटेरों, अररिया के सूरज मंडल, वैशाली के सुमित उर्फ प्रिंस, अमित कुमार तथा अभिमन्यू उर्फ खेदू उर्फ पगला के अलावा, लाइनर विशाल सिंह , रिसीवर कुणाल, विशाल गुप्ता एवं प्रश्रय देने सूरज सिंह समेत 15 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
वहीं, लूटकांड में संलिप्त अररिया का चुनमुन झा 22 मार्च मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पुलिस को राकी उर्फ राजा, प्रिंस एवं बाबा समेत चार-पांच अन्य की तलाश है।
तीसरे बैग की तलाश
अभी तक पुलिस एवं एसटीएफ की टीम सोना से भरा दो बैग समेत पांच सौ ग्राम अतिरिक्त सोना बरामद कर चुकी है, लेकिन तीसरा थैला अभी भी लुटेरों के पास है। उसमें आधे से अधिक सोना बताया जा रहा है। विगत दस मार्च को सात अपराधियों ने दस करोड़ रुपये के जेवरात लूटे थे।
पटना के जीवा लूट कांड में भी पूछताछ कर सकती है पुलिस
पटना एसटीएफ एवं जिला पुलिस पटना के चर्चित जीवा शोरूम लूटकांड में भी दोनों से पूछताछ कर सकती है। दरअसल, मंगलवार को एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने दोनों कांडों का खुलासा करते हुए उपरोक्त गैंग की संलिप्तता की पुष्टि की थी।
31 जनवरी 2025 को दानापुर स्थित जीवा आभूषण शोरूम में लूट की बड़ी घटना घटित हुई थी। आरा के तनिष्क लूट कांड में गिरफ्तार हिमांशु पटना जीवालूट कांड में भी शामिल रहा था। जिला पुलिस ने भी इसकी पुष्टि की थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।