Ara Tanishq Loot: लूट से कुछ मिनट पहले क्या थी कुख्यात की गतिविधि, जम्मू से गिरफ्तार हुआ एक और आरोपी
तनिष्क शोरूम लूटकांड में शामिल कुख्यात अपराधी सूरज मंडल को जम्मू से गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में ग्राहक बनकर कुर्सी पर बैठने और फिर पिस्तौल निकालकर लूटपाट करते उसका चेहरा कैद हुआ था। वह अररिया में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात चुममुन झा का करीबी साथी है। भोजपुर पुलिस के अलावा अररिया पुलिस को भी आर्म्स एक्ट एवं लूट के एक अन्य मामले में उसकी तलाश थी।
जागरण संवाददाता, आरा। टाउन थाना क्षेत्र अन्तर्गत शीश महल चौक स्थित तनिष्क आभूषण शोरूम से करीब दस करोड़ रुपये के जेवरात लूटे जाने के मामले में जम्मू से गिरफ्तार सूरज मंडल की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई थी।
सोने की रिंग खरीदने के बहाने ग्राहक बनकर पहले शोरूम में जाने एवं फिर पिस्टल के बल पर लूटपाट करते समय उसका चेहरा फुटेज में कैद हुआ था। पकड़ा गया वांटेड सूरज मंडल मूल रूप से अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के महेन्द्रपुर गांव का निवासी है।
वह विगत 22 मार्च को अररिया में पुलिस मुठभेड में मारे गए कुख्यात चुनमुन झा का करीबी साथी बताया जाता है। दोनों का पंचायत एक ही है। पकड़े गए वांटेड की भोजपुर पुलिस के अलावा अररिया पुलिस को भी आर्म्स एक्ट एवं लूट के एक अन्य मामले में सरगर्मी से तलाश थी।
फिलहाल आरा एवं पूर्णिया के तनिष्क लूटकांड को लेकर पटना एसटीएफ एवं जिला पुलिस उससे पूछताछ कर क्लू पाने की कोशिश में है। ट्राजिंट रिमांड पर उसे जम्मू से आरा लाया जा रहा है।
ग्राहक बन कर देखी थी सोने की रिंग
वारदात के बाद पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा था, उसमें एक फुटेज में पकड़ा गया वांटेड सूरज मंडल ग्राहक बनकर खरीदारी के बहाने कुर्सी पर बैठे एवं दूसरे फुटेज में पिस्टल ताने नजर आ रहा है।
दस मार्च को घटना की सुबह 10.21 बजे पहले दो अपराधी ग्राहक के रूप में सोने की रिंग देखने के लिए आए थे एवं फर्स्ट फ्लोर के काउंटर पर जाकर सोने की रिंग दिखाने की बात कही थी।
इसके बाद अन्य साथी प्रवेश किए थे। फुटेज में साफ रूप से दाढ़ी बढाए नजर आ रहा है। फुटेज में महिला सेल्समैन उसे अंगूठी दिखाते नजर आ रही है।
वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए वह भागकर जम्मू चला गया था। मुठभेड़ में मारा गया चुनमुन झा भी रेकी करने से लेकर लूट कांड में शामिल था। अभी तक इस कांड में पुलिस रिसीवर एवं लाइन समेत पांच को गिरफ्तार कर चुकी है।
वैशाली से तीन को उठाया
तनिष्क शोरूम लूट कांड में अभी भी सोना एवं हीरा से भरा तीसरा बैग अपराधियों के पास है, जिसके पीछे बिहार एसटीएफ से लेकर भाेजपुर पुलिस लगी हुई है।
इस दौरान पुलिस टीम ने वैशाली जिले में छापेमारी कर तीन संदिग्धों को उठाया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर पुलिस तीसरे थैले के बारे में क्लू पाने के प्रयास में लगी है।
मालूम हो कि 10 मार्च को सात की संख्या में आए अपराधियों ने तनिष्क शोरूम को लूटा था। वारदात के बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में पकड़े गए गोली से घायल सारण के दो अपराधियों विशाल गुप्ता एवं कुणाल के पास से लूटे गए सोने से भरे दो बैग मिले थे।
कांड के मास्टर माइंड के रूप में पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जेल में बंद वैशाली जिले के चंदन कुमार एवं बक्सर के शेरू सिंह का नाम आया था। इधर, मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों की निशानदेही पर वैशाली के मंझौली गांव के गौतम को पकड़ा गया था। उपयोग में लाई जाने वाली अर्टिगा कार भी जब्त हुई थी।
इसके बाद वारदात से पहले अपराधियों काे प्रश्रय देने वाला भोजपुर के सिन्हा थाना के परशुरामपुर गांव निवासी सूरज सिंह एवं लाइनर कृष्णागढ़ थाना के उदयभानपुर गांव निवासी विशाल सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। दोनों से पूछताछ में कुख्यात शेरू सिंह का नाम आया था।
लूटकांड में संलिप्त पकड़े गए अपराधी सूरज मंडल की पहचान सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज से हुई थी। जिसके बाद से उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी। - राज, एसपी भाेजपुर
गिरफ्तार सूरज मंडल का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। अररिया पुलिस को आर्म्स एक्ट एवं लूट के एक अन्य मामले में सरगर्मी से तलाश थी। गिरफ्तारी के डर से यहां से फरार हो गया था। - अंजनी सिंह, एसपी, अररिया
यह भी पढ़ें-
Ara News: तनिष्क शोरूम लूटकांड में दो और बदमाश गिरफ्तार, एक ने लुटेरों को घर में दी थी शरण
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।