Bhagalpur News: रक्षाबंधन पर बहनों के लिए खुशखबरी! 9-10 अगस्त को बसों में मिलेगी फ्री यात्रा की सुविधा
रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने भागलपुर और पूर्णिया प्रमंडल की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए 9 और 10 अगस्त को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को बिना आर्थिक चिंता के अपने भाइयों तक पहुंचने और राखी बांधने में मदद करना है। भागलपुर और पूर्णिया परिवहन प्रमंडल की 40 से अधिक बसों पर यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के रिश्तों में प्रेम, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है। इस बार इस रिश्ते में मिठास घोलने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने एक सराहनीय पहल की है। भागलपुर और पूर्णिया परिवहन प्रमंडल की सभी सरकारी बसों में 9 और 10 अगस्त को महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
यह विशेष सुविधा केवल बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की अपनी बसों में लागू होगी। यह सुविधा अंडरटेकिंग बसों में उपलब्ध नहीं होगी।
परिवहन प्रमंडल भागलपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन शांडिल्य और पूर्णिया के क्षेत्रीय प्रबंधक अजिताभ आनंद ने संयुक्त रूप से बताया कि इस सुविधा का उद्देश्य यह है कि महिलाएं बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने भाइयों के पास जाकर राखी का पवित्र बंधन निभा सकें।
भागलपुर और पूर्णिया परिवहन प्रमंडल के लगभग 40 से अधिक सरकारी बसों पर यह सुविधा मिलेगी। इससे महिला यात्रियों को किशनगंज, अररिया, बांका, मुंगेर, कटिहार, खगड़िया, मुजफ्फरपुर सहित अन्य जगहों पर जाने में सहूलियत होगी।
यह पहला अवसर है जब दोनों प्रमंडलों ने संयुक्त रूप से रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सौगात दी है। अनुमान है कि इन दो दिनों में हजारों महिलाएं इस योजना का लाभ उठाएंगी।
9 और 10 अगस्त को यह सेवा बिहार के भागलपुर पूर्णिया सहित सभी 6 परिवहन प्रमंडल के 19 प्रतिष्ठानों पर लागू रहेगी। इसको लेकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक ने पत्र भी जारी किया है। आपको यह भी बता दें कि परिवहन निगम की बसों में 65 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।