Bihar Politics: बांका में पीके की चुनावी तैयारी तेज, सबसे अधिक जदयू और राजद के नेता हुए जन सुराज में शामिल
बांका जिले में विधानसभा चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी सक्रिय हो गई है। प्रशांत किशोर की सभाएं हो चुकी हैं और हर विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार तैयार हैं। बांका सीट से काशीनाथ चौधरी अमरपुर से पंकज दास और बेलहर से रवीश कुमार प्रमुख दावेदार हैं। पार्टी पंचायत प्रतिनिधियों और पुराने नेताओं को साथ लेकर आगे बढ़ रही है हालांकि अभी तक किसी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

बिजेन्द्र कुमार राजबंधु, बांका। विधानसभा चुनाव को लेकर बांका जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। लगभग सभी दलों ने अपनी-अपनी रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में जन सुराज पार्टी भी सक्रिय हो गई है। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की सभाएं बांका, अमरपुर , बेलहर, धोरैया और चांदन में हो चुकी हैं। संगठन ने चुनावी मैदान तैयार कर चुका है।
इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में दो से तीन दावेदारों की टीम भी खड़ी कर दी गई है। टीम मैदान पर खूब खेल कर रहे हैं। पार्टी में सबसे अधिक पंचायत प्रतिनिधियों की आस्था है। इनमें कई ऐसे चेहरे हैं, जो पहले जदयू और राजद से जुड़े रहे, लेकिन अब जान स्वराज पार्टी के साथ खड़े हैं।
हम बात कर रहे हैं बांका विधानसभा सीट की। यहां से खड़हरा पंचायत के दो बार मुखिया रह चुके काशीनाथ चौधरी उम्मीदवार की रेस में हैं। कभी वे सांसद दिग्विजय सिंह व गिरिधारी यादव के करीबी रहे हैं। इसके अलावा रजौन क्षेत्र के पूर्व जिला परिषद सदस्य रणधीर यादव और अविनाश यादव भी टिकट की रेस में शामिल हैं। ये दोनों पहले राजद से जुड़े रहे हैं।
अमरपुर विधानसभा सीट
अमरपुर सीट पर जदयू से लंबे समय तक जुड़े रहे पंकज दास और और जिला पार्षद सुजाता बैध टिकट की कतार में हैं। पंकज दास वर्तमान में नगर पंचायत के वार्ड पार्षद हैं और महासचिव से लेकर उपाध्यक्ष तक का पद जदयू में संभाल चुके हैं।
सुजाता भी अमरपुर से वर्तमान जिला परिषद सदस्य है और महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रही हैं। दोनों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण जदयू से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने जन सुराज का दामन थाम लिया। इनके अलावा जमुई निवासी चंदन सिंह व फतेहपुर निवासी चंद्र ठाकुर भी दावेदारी कर रहे हैं।
बेलहर विधानसभा सीट
बेलहर से चांदन प्रखंड के प्रमुख रवीश कुमार सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनके अलावा सीपीआई और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े दशरथ ठाकुर, पूर्व में आशा पार्टी से जुड़े ब्रजकिशोर पंडित और भाजपा से जुड़े अभिनय सिंह भी टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं। सभी की सक्रियता तेज है।
कटोरिया सुरक्षित सीट
कटोरिया विधानसभा एसटी आरक्षित सुरक्षित सीट है। वहां से अलका सिंह और अधिक लाल मरांडी सहित कई नाम सामने आ रहे हैं। पार्टी यहां भी मजबूत दावेदार उतारने की रणनीति बना रही है।
धोरैया विधानसभा सीट
धाेरैया सीट भी आरक्षित है। यहां से रजौन के जिला पार्षद सदस्य सुमन कुमार पासवान, मुखिया मनोज दास और संजय दास सक्रिय हैं। सुमन पासवान इससे पहले प्रखंड प्रमुख रह चुके हैं, जबकि मनोज दास दो बार मुखिया का पद संभाल चुके हैं। सभी की दावेदारी प्रवल है। यहां से ही जिला पार्षद बलजीत सिंह बिट्टू भी जनसुराज का दामन थामकर जमुई जिले के संगठन प्रभारी हैं। वैसे
पार्टी द्वारा अब तक आधिकारिक तौर पर किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में नेताओं की सक्रियता से यह साफ हो गया है कि चुनावी चौसर सज चुकी है। पार्टी पंचायत प्रतिनिधियों और पुराने नेताओं को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।