Bihar: शादी के लिए हरियाणा से दूल्हा आया बिहार, घोड़ी चढ़ने की बजाए पहुंचा थाने; पुलिस भी दंग!
बिहार के सिकटी में एक अधेड़ व्यक्ति शादी के लिए दिल्ली और हरियाणा से लड़की न मिलने पर आया। वह 10 दिन से लड़की ढूंढ रहा था। लड़की के पिता से शादी की सहमति बनी और तैयारियां पूरी हुईं लेकिन सुंदरनाथ धाम मंदिर में पहचान पत्र न मिलने पर मंदिर कमेटी ने दूल्हे और उसके जीजा को पुलिस के हवाले कर दिया। जांच के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।

संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। दिल्ली और हरियाणा में शादी के लिए लड़की नहीं मिलने पर दूल्हा बनने बिहार पहुंचे अधेड़ को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस ने लड़की के माता-पिता की मर्जी से शादी होने की बात कहते हुए दूल्हा और उसके जीजा को पीआर बांड पर छोड़ दिया।
दरअसल, हरियाणा के महेंद्रगढ़ से दो लोग बिहार के अररिया जिला के सिकटी प्रखंड के पररिया गांव में शादी करने के लिए पहुंचे थे। करीब 10 दिनों से वे परड़िया के ग्रामीणों के साथ शादी के लिए लड़की ढूंढ रहे थे। काफी खोजबीन के बाद सिकटी थाना क्षेत्र के मुरारीपुर में लड़की के पिता से शादी की बातचीत की।
सिंदूरदान की बारी आई तो...
शादी के खर्च के लिए लड़की के पिता को 15 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। शादी की सारी तैयारी की गई। हल्दी-मेहंदी भी लगी, सारी रस्में लड़की के घर पर ही की गई। सिंदूरदान की बारी आने पर लड़की की मां ने सुंदरनाथ धाम में सिंदूरदान करने की बात कही, तो सभी तैयार हो गए।
इसके बाद मंगलवार की संध्या लड़की और परिवार वाले अधेड़ दूल्हा राजीव गुप्ता, उसके जीजा सुनील अग्रवाल और कुछ स्थानीय लोगों के साथ शादी कराने कुर्साकांटा प्रखंड के सुंदरनाथ धाम मंदिर पहुंचे। मंदिर कमेटी ने दोनों पक्षों से पहचान पत्र मांगा।
मंदिर कमेटी ने दूल्हे और उसके जीजा को पुलिस को सौंपा
पहचान पत्र दिया भी गया, लेकिन जब दो गवाहों को देने की बात कही तो स्थानीय लोग सुंदर नाथ धाम मंदिर से चले गए। इसके बाद धीरे-धीरे दूल्हे के साथ आए लोग भी घर चले गए। शंका के आधार पर मंदिर कमेटी ने दूल्हा एवं उसके जीजा को पुलिस को सौंप दिया।
कुआड़ी थानाध्यक्ष ने क्या बताया?
लड़का और उसके जीजा को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ से पता चला कि लड़की के माता-पिता अपनी मर्जी से शादी कर रहे हैं। इसमें दोनों पक्षो की सहमति शामिल थी। कई स्तर से इसकी जांच की गई। अंततः पीआर बॉन्ड बनाकर दोनों को छोड़ दिया गया। - रोशन कुमार सिंह, कुआड़ी थानाध्यक्ष
आपने साले की शादी कराने आया था
हरियाणा-दिल्ली में लड़कियों की कमी होने के कारण लड़कों की शादी समय पर नहीं हो पाती है। परडिया गांव के कुछ मजदूर हमारे यहां काम करते थे तो मैंने उनसे कहा था कि बिहार में लड़की मिल जाती है तो मैं अपने साले की शादी कराऊंगा, इसलिए यहां आया था। - सुनील अग्रवाल, लड़के के जीजा
ये भी पढ़ें- Araria News: भाभी के साथ अवैध संबंध का विरोध करती थी पत्नी, पति ने जिंदा जलाया; सभी आरोपी फरार

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।