ये हैं भारत में मौजूद 5 किफायती CVT कारें, जानें इस ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के फायदें
CVT ट्रांसमिशन में अनलिमिटेड गियर रेश्यो रहता है और इसमें गियर शिफ्ट्स नहीं होते, इसमें कोई हैड मूवमेंट नहीं होते जो कि AMTs में होते हैं
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। भारत की राजधानी दिल्ली में करीब 1000 से ज्यादा नई कारों का हर रोज रजिस्ट्रेशन होता है, जिसके चलते शहर में ट्रैफिक जाम बढ़ता जा रहा है। इसी जाम के चलते भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में ऑटोमैटिक गाड़ियों की डिमांड में काफी तेजी देखने को मिल रही है। बता दें ऑटोमैटिक गाड़ियों के सेगमेंट में AMT और CVT ट्रांसमिशन का इस्तेमाल होता है। ग्राहक ऑटोमैटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (AMT) वर्जन वाली गाड़ियां इसलिए खरीदते हैं क्योंकि ये सस्ती होती हैं, लेकिन अब कुछ समय से कई किफायती कीमत वाली कारों में CVT का विकल्प भी दिया जा रहा है।
CVT के क्या हैं फायदें?
- इस ट्रांसमिशन में अनलिमिटेड गियर रेश्यो रहता है और इसमें गियर शिफ्ट्स नहीं होते, इसमें कोई हैड मूवमेंट नहीं होते जो कि AMTs में होते हैं।
- CVT ट्रांसमिशन वाली कारें ना सिर्फ बेहतर ड्राइविंग का अनुभव देती हैं, बल्कि ये बेहतर माइलेज भी देती हैं। खासकर, शहर की सीमाओं के भीतर। हालांकि, इन सभी को पेट्रोल इंजन के साथ जोड़ा गया है और किफायती कारों की लिस्ट में एकमात्र होंडा अमेज ऐसी है जिसके डीजल पावरट्रेन में CVT का विकल्प दिया गया है। तो चलिए बात करते हैं CVT ट्रांसमिशन वाली कारों के बारे में।
निसान माइक्रा CVT
कीमत - 6.42 से 7.61 लाख रुपये
निसान माइक्रा में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है जो निसान के एक्स-ट्रॉनिक CVT के दो विरएंट्स से लैस है। माइक्रा XL (O) की कीमत 6.42 लाख रुपये और XV की कीमत 7.61 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है। ARAI द्वारा माइक्रा CVT की माइलेज 19.15 kmpl मापी गई है। CVT कारों की सूची में यह सबसे किफायती कार है।
मारुति सुजुकी बलेनो CVT
कीमत - 7.12 लाख से 8.43 लाख रुपये
प्रीमियम हैचबैक में पॉपुलर मारुति सुजुकी की बेलेनो में AMT का विकल्प नहीं दिया गया, लेकिन इसमें CVT ट्रांसमिशन का विकल्प दिया गया है। इसके बेस सिग्मा पेट्रोल को छोड़कर इसके सभी वेरिएंट्स - डेल्टा, जेटा और अल्फा की कीमत क्रमश: 7.12 लाख, 7.73 लाख और 8.43 लाख रुपये है। सबसे खास बात यह कि मारुति बलेनो के CVT वेरिएंट का माइलेज मैनुअल ट्रांसमिशन जितना 21.4 kmpl ही है।
हुंडई एलीट i20 CVT
कीमत - 7.05 लाख से 8.22 लाख रुपये
दूसरी प्रीमियम हैचबैक हुंडई एलीट i20 के साथ CVT ट्रांसमिशन दो वेरिएंट्स - मैग्ना एक्जिक्यूटिव (7.05 लाख रुपये) और एस्टा (8.22 लाख रुपये) में दिया गया है। इसके आधिकारिक माइलेज की जानकारी उपलब्ध नहीं है लेकिन इसका 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन 18.6 kmpl की माइलेज देता है और यह 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस है।
होंडा जैज CVT
कीमत - 8.55 लाख से 8.99 लाख रुपये
होंडा ने अपनी जैज के लेटेस्ट अपडेट्स में मैजिक सीट्स को हटा दिया होगा लेकिन इसमें CVT विकल्प को बरकरार रखा है। जैज CVT दो वेरिएंट्स V और टॉप-स्पेक VX में मौजूद है, जिनकी कीमत क्रमश: 8.55 लाख और 8.99 लाख रुपये है। कंपनी के दावे के अनुसार इसका माइलेज 19 kmpl है जो कि मैनुअल गियरबॉक्स के मुकाबले 0.8 kmpl ज्यादा है।
होंडा अमेज CVT
कीमत - 7.50 लाख से 9.10 लाख रुपये
इन दिनों होंडा की सबसे पॉपुलर और सबसे ज्यादा बिकने वाली अमेज के पेट्रोल इंजन के साथ 1.5 लीटर डीजल इंजन में भी CVT का विकल्प दिया गया है। होंडा अमेज के पेट्रोल S CVT की कीमत 7.50 लाख रुपये है। वहीं, V CVT की कीमत 8.10 लाख रुपये है। अगर आप डीजल इंजन को चुनते हैं तो S वेरिएंट की कीमत 8.50 लाख रुपये और V वेरिएंट की कीमत 9.10 लाख रुपये है। ARAI द्वारा होंडा अमेज के पेट्रोल CVT का माइलेज 19kmpl और डीजल CVT का माइलेज 23.8 kmpl है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।