Greater Noida: लापता होने के चार दिन बाद व्यापारी के बेटे हत्या, पुलिस अपहरण मानने को नहीं थी तैयार; खाक छानती रही टीमें
बीटा दो कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एच्छर-कासना बार्डर पर रेस्तरां चलाने वाले व्यापारी कृष्ण शर्मा के बेटे 15 वर्षीय कुनाल की बदमाशों ने अपहरण के बाद हत्या कर दी। चार दिन तक पुलिस छात्र की तलाश में खाक छानती रही। चार दिन पहले हुए अपहरणकांड का लाइव वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। एक युवती व दिव्यांग ने सफेद रंग की स्कोडा कार से छात्र कुनाल का अपहरण किया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एच्छर-कासना बार्डर पर रेस्तरां चलाने वाले व्यापारी कृष्ण शर्मा के बेटे 15 वर्षीय कुनाल की बदमाशों ने अपहरण के बाद हत्या कर दी। चार दिन तक पुलिस छात्र की तलाश में खाक छानती रही। चार दिन पहले हुए अपहरणकांड का लाइव वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
एक युवती व दिव्यांग ने सफेद रंग की स्कोडा कार से छात्र कुनाल का अपहरण किया। उसकी हत्या करने के बाद शव को बुलंदशहर में फेंक दिया। रविवार सुबह छात्र का शव बुलंदशहर में बलिपुरा नहर से बरामद किया गया है। उसके बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
स्वजन के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिसमें वह पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे है। अपहरण के बाद हुई छात्र की हत्या ने गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।
मूल रूप से रबूपुरा के गांव म्याना के रहने वाले कृष्ण शर्मा शिवा होटल के नाम से रेस्तरां चलाते है। कृष्ण किसान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष भी है। बुधवार यानी एक मई को उनके रेस्तरां के सामने से बेटे कुनाल का अपहरण कर लिया गया। कुनाल आठवीं कक्षा का छात्र था। अपहरण के बाद उसकी हत्या कर दी गई। रविवार को उसका शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने बुलंदशहर के चोला मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगा दिया।
पुलिस पर स्वजनों को धमकाने का आरोप
स्वजन ने आरोप लगाया कि है पुलिस ने उनको धमकाया कि इंटरनेट मीडिया पर बयानबाजी न करें। किसान संगठन की गीता भाटी ने आरोप लगाया है कि छात्र की जान पुलिस की लापरवाही से गई है। पुलिस शुरू से ही मामले को अपहरण मानने को तैयार नहीं थी। पुलिस शुरू से कहती रही कि छात्र अपनी मर्जी से गया था। अब उसकी हत्या होने के बाद पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। आशंका है कि रंजिश में अपहरण के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस अभी तक मामले का पर्दाफाश नहीं कर पाई है।
शव भी नहीं ढूंढ पाई पुलिस
इस मामले में शुरू से नाकाम रही पुलिस छात्र का शव भी नहीं ढूंढ पाई। गीता भाटी का कहना है कि स्वजन ने ही शव बुलंदशहर में मिलने की सूचना बीटा दो कोतवाली पुलिस को दी। वहीं कुनाल की ताई का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है जिसमें वह पुलिस को चप्पल दिखाकर मारने की बात कह रही हैं। वह यह भी कह रही हैं कि उसके बहुत बेटे हैं।
पिता बोले- पुलिस का नाश हो
कुनाल के पिता कृष्ण शर्मा ने कहा है कि पुलिस की लापरवाही से बेटे की जान गई। पुलिस का नाश हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपहरणकांड के बाद पुलिस उनके ही स्वजन को हिरासत में रख डंडे से पट्टे से पीटा। बाद में खुद को घिरता देख स्वजन को घायल अवस्था में उनके ही सुपुर्द कर दिया। एक स्वजन की हालत गंभीर है, वह अस्पताल में भर्ती है।
घटना के पर्दाफाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। जांच में पाया गया है कि लड़का लड़की के साथ चला गया था। अब उसी लड़के का शव मिला है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। -शिव हरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था गौतमबुद्धनगर)