Lok Sabha Election 2024: विक्रमादित्य सिंह इस दिन भरेंगे अपना नामांकन पत्र, CM सुक्खू सहित ये राजनेता दिखेंगे साथ
हिमाचल प्रदेश के मंडी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह 9 मई को नामांकन पत्र भरेंगे। विक्रमादित्य के साथ सीएम सुक्खू सहित कई नेता उपायुक्त कार्यालय परिसर में उपस्थित रहेंगे। नामांकन के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर रैली का आयोजन होगा। रैली में 10000 से अधिक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के नेता इस रैली में शामिल होंगे।
जागरण संवाददाता, मंडी। अपने पिता स्व. वीरभद्र सिंह और माता निवर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह की कर्मभूमि रहे मंडी संसदीय क्षेत्र की विरासत संभालने जा रहे कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह नौ मई को सुबह 11 बजे जिला निवार्चन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी के समक्ष अपना नामांकन पत्र भरेंगे।
नामांकन के दौरान ये होंगे मौजूद
उनके नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, मंडी संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर, बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, वित्तायोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंदलाल, मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ सहित पार्टी के कई अन्य नेता उपस्थित रहेंगे।
बैंड बाजे के साथ जाएंगे उपायुक्त कार्यालय परिसर
विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कार्यकर्ताओं के साथ गांधी चौक से उपायुक्त कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार तक बैंड बाजे के साथ जाएंगे। मुख्य द्वार से आगे प्रत्याशी सहित पांच लोग ही जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में जा सकेंगे। नामांकन के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर रैली का आयोजन होगा। रैली में 10,000 से अधिक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें: Himachal News: विक्रमादित्य सिंह पर निजी टिप्पणी कर बुरी फंसी कंगना, करसोग कांग्रेस ने चुनाव आयोग को दी शिकायत
17 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के नेताओं को दिया न्योता
सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के नेताओं,पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को न्योता दिया गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र प्रदेश के दो तिहाई क्षेत्रफल में फैला हुआ है। छह जिलों मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति, शिमला, किन्नौर और चंबा के 17 विधानसभा क्षेत्र इस संसदीय क्षेत्र का भाग हैं।
यह भी पढ़ें: Mandi News: 'शहजादे ने नहीं किया पत्नी का सम्मान और मां ने...', विक्रमादित्य और प्रतिभा सिंह पर जमकर बरसीं कंगना
लोकसभा के आम चुनाव में सेरी मंच पर नामांकन के दौरान इस बार वीरभद्र सिंह और पंडित सुखराम नजर नहीं आएंगे। दोनों का स्वर्गवास हो चुका है। कांग्रेस ने नामांकन रैली के दौरान भाजपा को झटका देने की तैयारी कर रखी है। भाजपा के कई विद्रोही मुख्यमंत्री सुक्खू की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।