सीएम योगी बोले- यूपी में गोहत्या की बात करने से पहले जहन्नुम के द्वार खुल जाएंगे, कहा; रक्षा के लिए जान दे देंगे
UP Politics योगी बोले-कांग्रेस और सपा के गठबंधन का एक ही उद्देश्य है कि भारत के हितों को कैसे ठेस पहुंचाई जाए। पहले राम मंदिर पर सवाल उठाते थे कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं आज दोहरा चरित्र दिखाते हुए कहते हैं कि राम तो सबके हैं। यह वोट के लिए कोई भी पाप कर सकते हैं।
जागरण टीम, मुरादाबाद : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के सपा प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क का नाम लिए बिना कहा कि जो भारत माता की जय बोलने में संकोच करते हैं, उन्हें भारत में रहने का अधिकार नहीं है।
नया भारत देश के गद्दारों से निपटना अच्छी तरह जानता है। कांग्रेस ने पहले देश बांटा, अब वह जाति-मजहब के नाम पर बांट रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा, बोले-यह दो लड़कों की जोड़ी है, यह जिंदगी भर लड़के ही बने रहेंगे।
गोमाता की रक्षा के लिए जान दे देंगे : योगी
उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी विश्वनाथ के बाद कन्हैया की मथुरा को लेकर हमारे पास कार्ययोजना है। सपा से पूछिए, क्या वह सहयोग कर पाएंगे? कांग्रेस का घोषणापत्र पढ़िए, मुसलमानों को खानपान की आजादी की बात कर रहे हैं। भीड़ से पूछा, क्या आप गोमाता को काटने की छूट देंगे।
फिर बोले, उनकी रक्षा के लिए जान दे देंगे। यूपी में गोहत्या की बात करने से पहले जहन्नुम के द्वार खुल जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को संभल, बदायूं और आंवला में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के परिवारवाद पर निशाना साधते हुए कहा, समाजवादी पार्टी के लोगों को परिवार के अलावा कोई और नहीं मिल रहा। इतनी बड़ी आबादी में से इन्हें दूसरा कोई यादव ही नहीं मिला। भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को आपके बीच प्रत्याशी बनाकर भेजा है।
सपा के साथ कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि आपके विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी, आपके सम्मान और आपकी आस्था के सम्मान की जिम्मेदारी हमारी। यह आपको सुरक्षा नहीं दे सकते, विकास नहीं दे सकते, रोजगार नहीं दे सकते, आपकी आस्था का सम्मान नहीं कर सकते। कह रहे हैं कि पिछड़ी जातियों को मिलने वाले आरक्षण का हिस्सा काटकर मुसलमानों को दे देंगे।
मोदी जी ने आश्वासन दिया है कि पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों के हक पर किसी को डकैती डालने की छूट नहीं दी जाएगी।
वोट के लिए कोई भी पाप कर सकते हैं सपा-कांग्रेस
योगी बोले-कांग्रेस और सपा के गठबंधन का एक ही उद्देश्य है कि भारत के हितों को कैसे ठेस पहुंचाई जाए। पहले राम मंदिर पर सवाल उठाते थे, कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं, आज दोहरा चरित्र दिखाते हुए कहते हैं कि राम तो सबके हैं। यह वोट के लिए कोई भी पाप कर सकते हैं।
विपक्षी दल जातीय जनगणना कर ओबीसी और अनुसूचित जाति को लड़ाएंगे। फिर कहेंगे, आप ल़ड़ रहे हैं, तो आरक्षण का क्या करेंगे। फिर इस वर्ग का आरक्षण मुसलमानों को दे देंगे। बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर ने भी संविधान में धर्म के नाम पर आरक्षण का विरोध किया था।