यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कैलास मानसरोवर के लिए तैयार 2900 भक्त
कैलास मानसरोवर यात्रा-2017 के लिए अब तक 2900 शिवभक्तों ने पंजीकरण कराया है। मेडिकल के बाद यात्रियों का चयन होगा। चिकित्सकीय परीक्षण आठ जून से दिल्ली में होगा।

नैनीताल, [जेएनएन]: कैलास मानसरोवर यात्रा-2017 के लिए अब तक 2900 शिवभक्तों ने पंजीकरण कराया है। बुधवार 15 मार्च को पंजीकरण की अंतिम तिथि है। ऐसे में यह आंकड़ा तीन हजार तक पहुंचने की संभावना है। मेडिकल के बाद यात्रियों का चयन होगा। चिकित्सकीय परीक्षण आठ जून से दिल्ली में होगा। यात्रा जून से ही शुरू होगी और पहला दल 12 जून को काठगोदाम पहुंचेगा।
उत्तराखंड में कुमाऊं मंडल विकास निगम इस यात्रा को 1980 से संचालित कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने कुमाऊं के रास्ते इस बार 1080 जबकि सिक्किम के रास्ते 400 श्रद्धालुओं को भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कुमाऊं से अधिकतम 60 श्रद्धालुओं के 18 तो सिक्किम से 50 श्रद्धालुओं के आठ दल जाएंगे। कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्र से गुजरने वाली यात्रा के पड़ावों पर अभी बर्फ नहीं पिघली है। इस बार यात्रा की अवधि एक दिन कम की गई है।
केएमवीएन के विशेष कार्याधिकारी पर्यटन डीके शर्मा ने बताया कि निगम स्तर पर यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। राशन, वाहन तथा पोर्टर आदि के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। यात्रा मार्ग की रैकी के लिए निगम का दल अप्रैल में जाएगा।
