तेजस्वी हैं प्रदेश के मुख्यमंत्री: बाबा रामदेव
योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत किसी संन्यासी के समान व्यक्तित्व के धनी हैं।
हरिद्वार, [जेएनएन]: पतंजलि योगपीठ में देश-विदेश से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में योगगुरु बाबा रामदेव का 23वां सन्यास दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण महाराज, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत ने बाबा रामदेव को शुभकामनाएं दी।
इसी क्रम में पतंजलि की ओर से प्रकाशित चार पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। इनमें योगविज्ञान, योगसाइंस, वैद्यप्रसारकम व विचारक्रांति प्रमुख पुस्तकें थीं। विचारक्रांति 10 भाषाओं में एवं अन्य दो-दो भाषाओं में थीं।
इस मौके पर जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने राज्य सरकार खासकर मुख्यमंत्री से देवभूमि के धार्मिक विकास की मांग की। उन्होंने कहा कि पतंजलि इस दिशा में बेहतर प्रयास कर रहा है। कहा कि पतंजलि योगपीठ में व्यक्ति को इंसान, उसे आर्य बनाने की प्रयोगशाला चल रही है।
उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव का जन्मदिन भी है, इस पर सभी ने उन्हें जन्मदिन और सन्यास दिवस पर बधाई दी। इस अवसर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि संन्यासी देश की संस्कृति को समृद्ध करता है। संन्यासी जगत कल्याण के प्रति समर्पित होता है और पतंजलि योगपीठ उसी संन्यास परम्परा को अनवरत गढ़ रहा है।
योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत किसी संन्यासी के समान व्यक्तित्व के धनी हैं। इनका पतंजलि योगपीठ को सदैव से सहयोग मिलता रहा है। सीएम यशस्वी राजनेता हैं। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि उत्तराखंड की आबोहवा में रचे-बसे छोटे से गांव से निकलकर वे मुख्यमंत्री जैसे महान दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, स्वामी यतीश्वरानंद, आदेश चौहान, महापौर मनोज गर्ग, स्वामी रघुमुनि महाराज, आचार्य प्रद्युम्न महाराज, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, नरेश शर्मा, कुंवर प्रणव चैंपियन, प्रदीप बत्रा, देशराज कर्णवाल, भाजपा के हरिद्वार जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, रुड़की जिलाध्यक्ष कल्पना सैनी, मनोज जोशी, आशीष, कामिनी सडाना, विकास तिवारी आदि उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।