अब लक्ष्य राज्यों में सत्ता परिवर्तन : शाह
जागरण संवाददाता, हरिद्वार : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के साथ ही कांग्रेस मुक्त भारत का पहला चरण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि 'अब राज्यों में सत्ता परिवर्तन और सुशासन का काम करना है।' उन्होंने गंगा की निर्मलता के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता जाहिर की तो कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि नमामि गंगे का आगाज हो चुका है और सरकार इसे अंजाम तक पहुंचाएगी। मोदी सरकार के सौ दिन के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि इन सौ दिनों ने देश की दशा और दिशा तय कर दी है। यूपीए सरकार की पहली कैबिनेट ने पोटा को खत्म करने का काम किया और मोदी सरकार ने काले धन के लिए एसआइटी का गठन किया।
रविवार को बाबा रामदेव के संस्थान पतंजलि योगपीठ में यहां के कर्मचारियों के लिए बने आवास 'सेवा सदन' का उद्घाटन करते हुए अमित शाह ने कहा कि गंगा की निर्मलता के लिए चल रहा अभियान सिर्फ सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह अब जनता का अभियान बन चुका है। केंद्र इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आने देगा।
केंद्र सरकार की सौ दिन की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा कि भारतीय भाषाओं का संरक्षण, बेटी बचाओ और हिमालय के संरक्षण के लिए भी सरकार ने काम किया है। हालांकि भाषा को लेकर उसे विरोध भी झेलना पड़ा, सरकार कदम वापस नहीं खींचेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कि कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ संघर्ष करने पर बाबा रामदेव को प्रताड़ित भी किया गया।
उन्होंने कहा कि देश में सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन के लिए जो अभियान चला उसमें भारत स्वाभिमान ट्रस्ट का पूरा सहयोग भाजपा को मिला। अब बाबा रामदेव सरकार के साथ देश को मजबूत करने में सहयोग करेंगे। शाह ने कश्मीर घाटी में प्राकृतिक आपदा को लेकर देश वासियों से मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाबा रामदेव ने कहा कि उत्तराखंड आपदा के समय देश की शीर्ष सत्ता खामोश रही। कश्मीर में आई आपदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो काम किया उसकी हर तरफ सराहना हो रही है। बाबा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए एक करोड़ रुपए की सहायता देने का ऐलान किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत का दूसरा चरण विधानसभा चुनाव में शुरू होगा।
कार्यक्रम में बाबा रामदेव के निकट सहयोगी आचार्य बालकृष्ण, महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज, महंत बलवंत सिंह, हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, आदि भी मौजूद थे। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष ने बंद कमरे में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों व विधायकों के साथ बैठक की। इससे पहले अमित शाह ने पतंजलि हर्बल एवं फूड पार्क और प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग संस्थान का भ्रमण भी किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।