Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तीन मोरों का शिकार, ग्रामीणों ने थाना घेरा

    By Edited By:
    Updated: Tue, 03 Apr 2012 12:12 AM (IST)

    खतौली (मुजफ्फरनगर)। दिन ढलते ही शिकारियों ने मंडावली खादर में तीन मोरों को गोली से मार गिराया। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने शिकारियों का पीछा किया, लेकिन वे मृत मोरों को लेकर कार से फरार होने में कामयाब रहे। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपी शिकारियों पर रासुका लगाने की मांग की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार पर प्रतिबंध के बावजूद शिकारी आए दिन इन्हें मौत के घाट उतार रहे हैं। रतनपुरी थानाक्षेत्र के गांव मंडावली खादर में रविवार को दिन ढलते ही शिकारियों ने तीन मोरों को मार गिराया। शिकारियों की आहट व गोली चलने की आवाज से ग्रामीण खेतों की ओर दौड़े, लेकिन शिकारी मृत मोरों को लेकर लाल रंग की कार में बैठकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पीछा करते समय समीप के गांव भनवाड़ा के चार लोगों को पहचानने का दावा किया है।

    सूचना पर रात में पहुंची रतनपुरी पुलिस को पूर्व प्रधान मंडावली जयपाल, शेर सिंह तथा जयप्रकाश के खेत में मृत मोरों के पंख व खून पड़ा मिला। इससे आक्रोशित दर्जनों ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य राजवीर सिंह, ग्राम प्रधान सुरेश के नेतृत्व में सोमवार को थाने का घेराव किया। ग्रामीणों की मांग थी कि पहचाने गए चारों शिकारियों को गिरफ्तार कर उन्हें रासुका में निरुद्ध किया जाए। बाद में एसओ के उचित कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।

    मोर का शिकार संदिग्ध: एसओ

    थाना रतनपुरी प्रभारी पवन कुमार का कहना है की उन्होंने घटनास्थल का दो बार निरीक्षण किया है। उन्हें शिकार किया जाना संदिग्ध प्रतीत होता है। वैसे वे इस मामले की जांच कर रहे हैं। ठोस सबूत मिलते ही आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर