सरकारी जमीन पर कब्जे को सब्जी के खेत पर चले ट्रैक्टर और जेसीबी
450 एकड़ में फैली जागृति विहार एक्सटेंशन में किसानों के विरोध के चलते अभी तक निर्मित फ्लैटों में सीवर, पेयजल आदि की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
मेरठ (जागरण संवाददाता)। मेरठ के जागृति विहार एक्सटेंशन में रविवार को सरकारी भूमि पर कब्जा लेने का अभियान चलाया गया। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची आवास विकास की टीम ने फसलों पर ट्रैक्टर और जेसीबी चला दिया और जमीन को एकसार कर कब्जा ले लिया। हालांकि इस दौरान किसानों ने विरोध भी किया लेकिन टीम ने कार्रवाई कर दी।
450 एकड़ में फैली जागृति विहार एक्सटेंशन में किसानों के विरोध के चलते अभी तक निर्मित फ्लैटों में सीवर, पेयजल आदि की व्यवस्था नहीं हो पाई है। योजना में कमालपुर, घोसीपुर, सरायकाजी और काजीपुर के किसानों की भूमि अधिग्रहीत की गई है। सरायकाजी और काजीपुर के किसान 667 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से अतिरिक्त मुआवजा मांग रहे हैं। अधिग्रहित भूमि पर खेती भी हो रही है।
फरवरी 2018 में इस जमीन पर आरएसएस का बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। एक नवंबर को पुलिस और प्रशासन की टीम ने सेक्टर पांच और छह में खड़ी ज्वार की फसल को ट्रैक्टर और जेसीबी से जोतना शुरू किया था। पुलिस प्रशासन ने किसानों को चार नवंबर तक खेतों को खाली करने की मोहलत दी थी। शासन के आदेश पर रविवार के बावजूद आवास विकास के संयुक्त आवास आयुक्त महेंद्र सिंह कई थानों की पुलिस और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे।
सेक्टर पांच और छह में खड़ी ज्वार की फसल की ट्रैक्टर से जुताई करा दी। काजीपुर के खेतों में मूली, गोभी आदि की फसलों पर जेसीबी चला दिया। खेतों में काम कर रही महिला श्रमिकों और किसानों ने विरोध किया लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। हालांकि कई स्थानों पर खेतों पर बोआई करने वालों ने एक दो दिन में खेत खाली करने की गुहार लगाई, लिहाजा उन्हें मोहलत दे दी गई। अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार, डीके गुप्ता और विशंभर सिंह मौजूद रहे।
कार्रवाई के दाौरान महिला श्रमिकों में मची अफरातफरी: महिला श्रमिकों में लगी सब्जी उखाड़ने की होड़ रविवार को आवास विकास की टीम 14 ट्रैक्टर और चार जेसीबी लेकर पहुंची थी। फसलों पर ट्रैक्टर चला तो खेतों में काम कर रही महिला श्रमिकों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने कहा कि उनकी महीनों की मेहनत और हजारों रुपये बर्बाद हो जाएंगे। लेकिन टीम ने उनकी एक नहीं सुनी और कार्रवाई पूरी की।
मेरा खेत उजाड़ दिया तो उसका क्यों छोड़ रहे: सेक्टर पांच और छह में जहां ज्वार और सब्जियां उगाई जा रही हैं। फसल पर जेसीबी चलते देख सरायकाजी के किसानों ने कहा कि जब हमारे खेतों पर जेसीबी चल रही है कि तो घोसीपुर और कमालपुर में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। टीम ने यहां पहुंचकर भी फसलों पर जेसीबी चलाई।
यह भी पढ़ें: न्यूज बुलेटिन: दोपहर 12 बजे तक उत्तर प्रदेश की पांच बड़ी खबरें
दो दिन का दिया समय: खास बात यह रही कि काफी भूमि पर खेती वह लोग कर रहे हैं जिनका मालिकाना हक दूसरों के पास है। संयुक्त आवास आयुक्त महेंद्र प्रसाद ने बताया कि किसानों को उनके मांग के अनुसार दो दिन से ज्यादा का समय दिया गया है। शासन के निर्देश पर सरकारी भूमि पर कब्जा लिया गया है। जल्द विकास कार्य कराए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।