यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP : दस फीसदी से कम Line Loss वाले जिलों को मिलेगी 24 घंटे बिजली
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा हमारी सरकार का प्रयास सरकार की हर योजना ...और पढ़ें

लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश के दस फीसदी से कम लाइन लॉस वाले जिलों में 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में 580.31 करोड़ के दस पावर स्टेशन का लोकार्पण किया।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास सरकार की हर योजना का समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी देने का है। सरकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है। जहां 10 फीसदी से कम लाइन लॉस होगा वहां हम लोग तुरन्त 24 घण्टे बिजली देंगे। यूपी में हम यूरोप, मुम्बई, सूरत की तरह बिजली देंगे। हम 60 लाख गरीबों को बिजली का कनेक्शन फ्री दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी को मिलना चाहिए। जिस प्रकार बिजली विभाग ने काम किया उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम गांव-गांव में अब बिजली पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हमने तो 100 दिन में इतना काम किया जितना पहले की सरकार ने दस साल में भी नहीं किया था। सौ दिन में खराब पड़े आठ हजार ट्रांसफार्मर बदले गए, जबकि पिछले पूरे वर्ष में केवल 5778 ट्रांसफार्मर बदले गए। पहले केवल पांच जिलों में 24 घण्टे बिजली देते थे। पहले की सरकारें अपनी ही जनता के साथ भेदभाव करती थी। सौ दिनों में हमारी सरकार ने साढ़े 18 हजार घरों में बिजली पहुंचा दी है। हमने संकल्प लिया है कि 60 लाख गरीबों को नि:शुल्क बिजली का कनेक्शन देंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पिछली सरकारों ने जो बिजली एग्रीमेंट किये उससे जनता पर 5 हजार करोड़ रुपए का बोझ पड़ता। हमने ऐसे बेकार एग्रीमेंट रद्द किये हैं। उन्होंने कहा कि जनता के साथ ईमानदारी से काम करने हम जनता पर एहसान नहीं कर रहे हैं। यह तो जनता का हक है और काम करना हमारा कर्तव्य है। हम चरणबद्ध तरीके से विकास ला रहे हैं। हमारी सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है। हर व्यक्ति को समान रूप से योजनाओं का लाभ मिले, हम इसे सुनिश्चित करेंगे।
यह भी पढ़ें: मुख्य सचिव से मिलकर यूपी के राज्य कर्मचारी भी मांगेंगे केंद्र जैसे भत्ते
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग पान, तंबाकू और शराब पर खर्च होने वाले पैसों को बचाएं। आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि पान-गुटखा व मद्यपान के खर्च से बिजली का बिल कम होगा। मैं मानता हूँ आने वाले समय में हम इतना काम कर देंगे कि बिजली का बिल मोबाइल फोन के बिल से कम होगा। हमारी सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में हर कदम पर साथ है।
यह भी पढ़ें: आज रात से महंगा हो जाएगा एसी बस का सफर
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की उज्जवला योजना के तहत गरीबों के घर रोशनी पहुंचेगी। अब प्रदेश में 24 घंटे बिजली के साथ ही जर्जर व्यवस्था को ठीक किया जा रहा है। हम गांव में गरीब को 2 रु यूनिट बिजली दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मोदी ने मुझसे कहा था कि नेताजी मुझसे नाराज हैं: अखिलेश यादव
पंडित दयाल की जन्म शताब्दी पर गरीबों के घर रोशन करने की योजना शुरू की जा रही है। सभी को पता है कि बिजली की लागत 7 रु प्रति यूनिट आती है। गरीबों को मुफ्त में बिजली कनेक्शन दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: आजम खां ने कहा, मैं तो भारतीय जनता पार्टी की 'आइटम गर्ल'
उत्तर प्रदेश का बिजली विभाग 21 हजार करोड़ के घाटे में है। हम तो अब सभी सरकारी दफ्तरों में मीटर लगाने का काम कर रहे हैं। कई विभागों पर भी बिजली विभाग का बड़ा बिल बकाया है।
यह भी पढ़ें: जन्मदिन पर राजीव कुमार को यूपी के मुख्य सचिव पद का तोहफा
