यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोमनाथ भारती ने दर्ज कराया बीएचयू प्रोफेसर पर मुकदमा
वाराणसी : आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री रहे सोमनाथ भारती ने बीएचयू के

वाराणसी : आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री रहे सोमनाथ भारती ने बीएचयू के प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्र समेत कई अज्ञात भाजपा समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामला उनके साथ मारपीट करने से जुड़ा है।
सोमनाथ भारती की तहरीर पर पुलिस ने बीएचयू के प्रोफेसर और अज्ञात भाजपाइयों के खिलाफ मारपीट, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कायम किया है। पुलिस ने भारती की तहरीर पर एक निजी चैनल पर भी जिले में जारी निषेधाज्ञा उल्लंघन के मामले में धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि तेइस अप्रैल को केजरीवाल के नामांकन के बाद अस्सी घाट पर निजी चैनल द्वारा आयोजित एक शो में भाग लेने पहुंचे सोमनाथ भारती ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर ऐसी टिप्पणी कर दी थी जिससे वहां मौजूद भाजपाई भड़क गए थे। वाद-विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया था। इस मामले में आप नेता अरविंद केजरीवाल ने सोमनाथ भारती को किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से मना किया था। अरविंद की मनाही के बाद भी भारती ने एसएसपी जोगेंद्र कुमार से मुलाकात कर घटना से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की जिसपर एसएसपी ने भेलूपुर पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया था।
