झांसी में आज मुख्यमंत्री योगी करेंगे बुंदेलखंड के विकास की समीक्षा
प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड के सात जिलों की सभी 19 सीटें भाजपा के खाते में आई। अब योगी सरकार बुंदेलखंड को रिटर्न गिफ्ट देने की तैयारी कर रही है।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ आज पहली बार बुंदेलखंड दौरे पर हैं। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड के सात जिलों की सभी 19 सीटें भाजपा के खाते में आई। अब योगी सरकार बुंदेलखंड को रिटर्न गिफ्ट देने की तैयारी कर रही है। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री झांसी में बुंदेलखंड के विकास की समीक्षा करने के साथ तोहफे भी देंगे।
योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों बुंदेलखंड में पेयजल योजना के लिए 47 करोड़ दिए थे। माना जा रहा है कि आज इस बाबत मुख्यमंत्री विकासपरक कुछ घोषणा कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पुलिस भर्ती प्रक्रिया में खत्म हो भ्रष्टाचार: योगी आदित्यनाथ
इसके साथ ही बुंदेलखंड के लिए भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विचार कर सकते हैं। वह झांसी में अफसरों के साथ बैठक भी करेंगे।
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ गृह जिले गोरखपुर गए थे। दिल्ली व ओडिशा के अलावा वह इलाहाबाद में हाईकोर्ट के एक समारोह में भी गए। वह समीक्षा की दृष्टि से वह पहली बार बुंदेलखंड जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव की समाजवादी स्मार्टफोन योजना पर भी गिर सकती है योगी सरकार की गाज
योगी ने अप्रैल की शुरुआत में ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह बुंदेलखंड के किसी जिले में जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले झांसी के सर्किट हाउस पहुंचेंगे। सर्किट हाउस के बाद सीएम योगी झांसी स्थित विकास भवन में पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी और चित्रकूट मंडलों की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए किये गए कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सीएम योगी जल संरक्षण के लिए बने तालाबों का निरीक्षण करेंगे।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर निर्माण रोकने के लिए सीबीआई कर रही साजिश: विनय कटियार
उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गेहूं क्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण करेंगे। झांसी में मुख्यमंत्री पुलिस लाइन, प्राथमिक पाठशाला, गेहूं क्रय केंद्र, जल संरक्षण के लिए बनाए गए तालाब, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह बैठक भी करेंगे। शाम को उनकी वापसी होगी।