Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अस्सलामुआलैकुम के साथ दस्तक देंगे भाजपाई

    By Edited By:
    Updated: Tue, 03 Dec 2013 10:54 PM (IST)

    Hero Image

    आसिफ अली, अमरोहा।

    बाबरी विध्वंस और गुजरात दंगे के बाद भारतीय जनता पार्टी व देश के मुसलमानों के बीच छत्तीस का आंकड़ा माना जाता है। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मुस्लिम समुदाय में बनी इस छवि को साफ करने की जोरदार पहल की है। संवाद प्रकोष्ठ के माध्यम से भाजपा मुसलमानों में पैठ बनाने का काम कर रही है। नौगावां सादात के रियाज अब्बास आब्दी व गुजरात की असमा पठान को यह जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी की निगरानी में दोनों मुसलमानों में भाजपा की छवि सुधारने का काम करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुजरात के मुख्यमंत्री व भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इसी वर्ष अगस्त में पार्टी के संवाद प्रकोष्ठ का विस्तार किया गया था। नरेंद्र मोदी ने गुजरात की असमा पठान के साथ यूपी के लिए नौगावां सादात निवासी रियाज अब्बास आब्दी को राष्ट्रीय सदस्य बनाया। इतना ही नहीं पार्टी की बैठक में दो महीने पहले दोनों को उनके राज्य में मुसलमानों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। रियाज अब्बास आब्दी पार्टी के संवाद प्रकोष्ठ में यूपी के अकेले सदस्य हैं। पार्टी ने मुसलमान होने के नाते उन्हें यूपी के मुसलमानों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी दी है।

    इस क्रम में रियाज आब्दी ने इलाहाबाद में मुस्लिम मोदी क्लब बनाया तथा उनका जन्मदिन मनाया। नौगावां सादात में उनके साथ मुस्लिम महिलाओं ने रक्षा बंधन पर नरेंद्र मोदी को राखी भेज कर भाई-बहन का रिश्ता कायम किया। इस जिम्मेदारी के बारे में श्री आब्दी बताते हैं कि कांग्रेस द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार से मुसलमानों में भाजपा की छवि बिगाड़ी जा रही है। हालांकि, मुसलमानों को भाजपा से जोड़ने में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन कामयाबी भी मिल रही है। वह सोशल नेटवर्किग साइट पर दस हजार मुसलमानों को भाजपा से जोड़ चुके हैं। साथ ही सूबे के प्रत्येक जिले में संवाद सेल के माध्यम से मुसलमानों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है।

    वर्तमान में जिले में चल रहे पार्टी के गन्ना आंदोलन में मुसलमानों की मौजूदगी इसका प्रमाण है। कहते हैं कि चुनाव से पूर्व वह राष्ट्रीय सुरक्षा व कांग्रेस द्वारा एफडीआई लागू करने से बंद होने वाले कुटीर उद्योग का मुद्दा लेकर मुसलमान बस्तियों में जाएंगे। क्योंकि प्रदेश में सबसे ज्यादा मुसलमान कुटीर उद्योग से जुड़े हैं तथा कांग्रेस ने उन्हें बेरोजगार करने की शुरूआत कर दी है। वह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के नेतृत्व में मुसलमानों को पार्टी से जोड़ने का काम कर रहे हैं।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर