Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    डंपिंग ग्राउंड का विरोध, रेजीडेंट्स ने किया प्रदर्शन

    By Edited By:
    Updated: Sun, 15 Apr 2012 04:44 PM (IST)

    गाजियाबाद, जागरण संवाद केंद्र

    डूंडा हेड़ा में प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड के विरोध में क्रासिंग रिपब्लिक के रेजीडेंट्स ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। रेजीडेंट्स ने जीडीए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और डंपिंग ग्राउंड का काम रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर के लिए एनएच-24 पर जाम भी लगाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी निर्माणाधीन डंपिंग ग्राउंड स्थल पर गए और वहां एक दिन का सांकेतिक धरना दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एनएच-24 के किनारे क्रासिंग रिपब्लिक के नाम से बसाई गयी टाउनशिप में वर्तमान में हजारों की संख्या में परिवार रह रहे हैं। आने वाले वर्षो में यहां रहने वाले लोगों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। टाउनशिप के बगल में स्थित डूंडाहेड़ा में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत डंपिंग ग्राउंड बनाया जाना प्रस्तावित है। क्रासिंग में रहने वाले लोग इसी का विरोध कर रहे हैं। क्रासिंग रिपब्लिक आर्गेनाइजेशन आफ मेंबर एसोसिएशन के नेतृत्व में रेजीडेंट्स ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे रेजीडेंट्स ने पैदल मार्च निकाला और एनएच-24 पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी डंपिंग ग्राउंड का निर्माण कार्य रोके जाने की मांग कर रहे थे। सीआरओएमए के अध्यक्ष गुरमुख सिंह ने आरोप लगाया कि डूडा हेड़ा में डंपिंग ग्राउंड नियमों की अनदेखी कर बनाई जा रही है। क्रासिंग रिपब्लिक टाउनशिप का काम वर्ष 2005 में शुरू हो गया था। जीडीए के मास्टर प्लान में डूंडाहेड़ा क्षेत्र को आवासीय दर्शाया गया है। लेकिन वर्ष 2009 में लैंड यूज चेंज कर यहां पर डंपिंग ग्राउंड बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

    एसोसिएशन के एग्जिक्यूटिव मेंबर डीके सिंह ने बताया कि डंपिंग ग्राउंड का मामला कोर्ट में चल रहा है। इसके बावजूद वहां पर निर्माण कार्य चल रहा है। निवासी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि डंपिंग ग्राउंड बनने से क्रासिंग में लोगों का रहना दूभर हो जाएगा। डंपिंग ग्राउंड बनाने के लिए अभी तक पर्यावरण विभाग से एनओसी भी नहीं मिली है। इसके बावजूद निर्माण कार्य चल रहा है। धरना प्रदर्शन करने वालों में उमानाथ त्रिपाठी, शिवाकांत, नवीन, विशाल सिन्हा, साकिब डे, राजीव, अभिषेक, अरविंद श्रीवास्तव, सिद्धार्थ तोमर, श्रद्धानंद मिश्रा, प्रतीक सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर